चित्तौड़गढ़।
राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया ने चित्तौड़गढ़ में बेगूं विधायक राजेंद्र बिधूड़ी को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि यह कैसा विधायक है जो गालियां देता है और लोगों से वसूली करता है। सरकार उसके खिलाफ कार्रवाई नहीं करती है। दोषी केवल बिधूड़ी नहीं है बल्कि सरकार है। आपको बता दें कि बिधूड़ी का एक ऑडियो वायरल हुआ था जिसमें वह भैंसरोडगढ़ एसएचओ संजय गुर्जर के साथ गाली गलौज कर रहे थे।
नेता प्रतिपक्ष और पूर्व गृहमंत्री गुलाबचंद कटारिया ने कहा कि यह बेगूं विधायक जनप्रतिनिधि भी है या नहीं, इस बात को लेकर भी मुझे शक है। पहली बार देख रहा हूं कि विधायक गालियां देता है। पैसों की वसूली करता है। उन्होंने कहा कि रावतभाटा के भी कई लोगों ने मुझे बताया कि अतिक्रमण के नाम से किस तरह से लोगों को टॉर्चर किया जा रहा है। एक दुकान को हटवाया जा रहा है और दूसरी को बचाने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। राज्य में ये कैसा नंगा नाच हो रहा है। दोषी अकेला बेगूं विधायक बिधूड़ी नहीं बल्कि मुख्यमंत्री भी है, क्योंकि वह अभी अल्पमत में हैं। विधायकों को खुश रखना उनकी मजबूरी है। अपराधी एमएलए पर कोई कार्रवाई नहीं होती है ये शर्मनाक है।
कोर्ट में हाजिर नहीं होने पर वारंट जारी
तत्कालीन भैंसरोडगढ़ SHO संजय गुर्जर को गाली देने वाले केस में बेंगू विधायक बिधूड़ी कोर्ट में अब तक पेश नहीं हुए। कोर्ट ने जमानती वारंट जारी कर दिया है। अब अगली तारीख 26 अप्रैल को दी गई है। 22 मार्च को विधायक को कोर्ट के सामने पेश होना था लेकिन उस दिन फोन से सूचना दे दी गई कि उपस्थित नहीं हो पाएंगे। अब भी अगर पेश नहीं हुए तो गिरफ्तारी वारंट जारी किया जाएगा।