नई दिल्ली
लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल द्वारा खुद के ऊपर हुए शारीरिक उत्पीड़न के खुलासे पर क्रिकेटिंग जगत ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। भारत के पूर्व कोच और वर्तमान में कमेंटेटर रवि शास्त्री ने कहा है कि ऐसे कार्यों को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए और ऐसा करने वालों पर तुरंत आजीवन प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए।
शास्त्री ने क्रिकइंफो हिंदी के विशेष कार्यक्रम टी20 टाइमआउट के दौरान कहा, “यह हंसने वाली बात नहीं है। अगर कोई व्यक्ति होश में नहीं है तो उसे सार्वजनिक जगहों पर जाना ही नहीं चाहिए। यह चिंता की बात है क्योंकि उस वक्त किसी की जिंदगी जोखिम में थी। कुछ लोग इसे मजाक के तौर पर देख सकते हैं, लेकिन मेरे लिए यह मजाक नहीं है। एक छोटी सी भी गलती से किसी की जान जा सकती थी और इसे नहीं स्वीकारा जा सकता। क्रिकेटिंग सर्किल में मैं ऐसी भयानक बात पहली बार सुन रहा हूं और इसे बिल्कुल भी मजाक में नहीं लेना चाहिए।”
उन्होंने आगे कहा कि ऐसे मामलों को बोर्ड और फ्रेंचाइजी को भी तुरंत गंभीरता से लेना चाहिए और ऐसा करने वालों पर तुरंत आजीवन प्रतिबंध लगाना चाहिए, ताकि वे क्रिकेट के मैदान पर कभी वापस नहीं आ सकें। इसके अलावा ऐसे व्यक्ति को तुरंत सुधार गृह (रिहैब सेंटर) में भी भेजा जाना चाहिए। उन्होंने चहल की भी तारीफ करते हुए कहा कि वह इसे बताने के लिए आगे आए। हालांकि उन्होंने कहा कि किसी भी खिलाड़ी के साथ ऐसा होता है तो उन्हें तुरंत आगे आना चाहिए और जिम्मेदार लोगों को बताना चाहिए ताकि तुरंत कार्यवाही हो सके।