हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। जिला कारागृह में जेल व आरएसी स्टाफ की ओर से सर्च अभियान चलाया गया। इस दौरान एक बंदी से तीन मोबाइल फोन बरामद हुए। जेल स्टाफ की ओर से तीनों मोबाइल फोन जंक्शन पुलिस को सौंप उक्त बंदी के खिलाफ कारागार अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज करवाया गया है। जानकारी के अनुसार जिला कारागृह के मुख्य प्रहरी विकास कुमार ने रिपोर्ट दी कि शुक्रवार को जेल व आरएसी स्टाफ ने जेल की तलाशी ली। तलाशी के दौरान बंदी सुभाष पुत्र विनोद निवासी मल्लड़खेड़ा पीएस टिब्बी के कब्जे से तीन मोबाइल फोन बरामद हुए। तीनों मोबाइल फोन में सिम कार्ड भी थे। पुलिस ने राजस्थान कारागार अधिनियम 2015 की धारा 42 के तहत बंदी सुभाष के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच एएसआई मुसे खां को सौंपी है। गौरतलब है कि इससे पहले भी समय-समय पर ली गई जेल की तलाशी के दौरान बंदियों के अलावा बैरक सहित जेल परिसर में अलग-अलग जगहों पर छुपाकर रखी गई आपत्तिजनक वस्तुएं मिल चुकी हैं। पूर्व में भी कई मुकदमे जंक्शन पुलिस थाना में दर्ज हो चुके हैं। अक्सर जेल की दीवार के ऊपर से यह प्रतिबंधित सामग्री अंदर पहुंच रही है। कई बार बाहर से आपत्तिजनक सामग्री अंदर फेंकते समय कई जनों को मौके पर दबोचा भी जा चुका है। बावजूद इसके इस तरह की घटनाएं रूकने का नाम नहीं ले रही।