जयपुर
राजस्थान के करौली जिले में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। प्रशासन ने आज रामनवमी के दिन कर्फ्यू में सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक 4 घंटे की छूट दी है। करौली में पथराव, उपद्रव, तोड़फोड़ और आगजनी की घटना के बाद 2 अप्रैल को कर्फ्यू लगा दिया था। जिले में 10 अप्रैल तक कर्फ्यू एवं नेटबंदी जारी रहेगी। ढील के दौरान सभी तरह की दुकान खोली जाएंगी। हालांकि इस दौरान दुपहिया और चार पहिया वाहनों के आने-जाने पर रोक जारी रहेगी। शनिवार को पंचायतीराज मंत्री रमेश मीणा ने करौली को दौरा किया था। शनिवार को ही भाजपा सांसद किरोड़ी लाल मीणा करौली कलेक्ट्रेट पर धरने पर बैठ गए थे। बाद में पुलिस ने किरोड़ी को हिरासत में ले लिया था। धार्मिक त्योहारों के मद्देनजर गहलोत सरकार ने करौली समेत 9 जिलों में धारा 144 लगा रखी है।
जांच कमेटी 15 दिन में देगी रिपोर्ट
प्रदेश की गहलोत सरकार करौली हिंसा मामले की प्रशासनिक जांच कराने के लिए कमेटी का गठन किया है। गृह विभाग के सचिव कैलाश चंद मीणा को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। जांच अधिकारी 15 दिन के भीतर प्रकरण के सभी पहलुओं की जांच कर अपनी जांच रिपोर्ट राज्य सरकार को सौंपेगी हिंदू नववर्ष पर बीते शनिवार को हिंसा हो गई थी। जिसमें 30 से अधिक लोग घायल हो गए थे। करौली हिंसा मामले पर भाजपा गहलोत सरकार पर लगातार हमलावर है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया ने कहा कि राजस्थान में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं है। राजस्थान में तालिबान का शासन चल रहा है। लोगों को त्योहार मनाने के लिए भी अनुमति लेनी पड़ रही है।