श्रीगंगानगर
जिले के रायसिंहनगर इलाके में महिलाओं के ग्रुप बनाकर लोन दिलाने के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। इसमें आरोपियों ने पहले एक हैंडीकैप्ट बेरोजगार को नौकरी देने के नाम पर जाल में फंसाया। उसे हर महीने करीब तेरह हजार रुपए तनख्वाह और कुछ अन्य लाभ देने की बात कही। उसे काम पर रख उससे आसपास के ग्रामीण अंचल की महिलाओं के ग्रुप बनाने के लिए कहा गया। जब उस हैडीकैप्ट व्यक्ति ने महिलाओं के ग्रुप बना लिए तो उन्हें हर महिला से 2310 रुपए बीमा और अन्य खर्च के नाम पर लेने और उसके बाद हर महिला को 55 हजार का लोन देने की बात कही। ठगी के शिकार हुए व्यक्ति ने इलाके की कई महिलाओं से प्रत्येक से 2310 रुपए लेकर एक लाख 68 हजार 630 रुपए कंपनी में जमा करवा दिए तो आरोपी रातो रात कंपनी को ताला लगाकर फरार हो गए।