Wednesday, September 2निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

ग्राहक नहीं मिला तो वापस गांव लौट रहा था, पुलिस ने दबोचा

  • बाइक सवार युवक के कब्जे से 1050 नशीली टेबलेट बरामद, टाउन पुलिस की कार्रवाई
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    एक युवक बाइक पर सवार होकर नशीली टेबलेट बेचने घर से निकला। कोई ग्राहक न मिलने पर वापस अपने गांव लौटते समय उक्त युवक को पुलिस ने नशीली टेबलेट सहित धर दबोचा। यह कार्रवाई टाउन पुलिस ने गांव मोहनमगरिया के पास की। पूछताछ में युवक ने उस शख्स के नाम का खुलासा भी पुलिस के समक्ष किया है, जिससे उसने नशीली टेबलेट खरीदी थी। पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुटी है। जानकारी के अनुसार लखूवाली चौकी प्रभारी एसआई लाल बहादुर चन्द्र के नेतृत्व में गश्त कर रही पुलिस टीम गांव मोहनमगरिया से डबली खुर्द को जाने वाली सड़क पर सुभाष भाकर की ढाणी के पास पहुंची तो सामने से एक जना मोटर साइकिल नम्बर आरजे 31 एसएस 0981 पर आता दिखाई दिया। उक्त जना पुलिस को देखकर अचानक मोटर साइकिल को वापस घुमाकर भागने की कोशिश करने लगा। शक होने पर पुलिस टीम ने बाइक सवार को रूकवाया पूछताछ की तो उसकी पहचान मोहित उर्फ फौजी (24) पुत्र भूपेन्द्र मेघवाल निवासी वार्ड 8, मोहनमगरिया के रूप में हुई। बाइक को वापस मोडने व भागने का प्रयास करने का कारण पूछा तो वह संतोष जनक जवाब नहीं दिया व घबराने लगा। मोटर साइकिल पर लगे बैग को खोल कर देखा तो उसमें रखी प्लास्टिक की थैली में ट्रामाडोल हाइड्रोक्लोरोइड टेबलेट के 105 पत्ते मिले। इन पत्तों में कुल 1050 नशीली टेबलेट थी। पुलिस ने नशीली टेबलेट बरामद कर मौके से मोहित उर्फ फौजी को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही बाइक जब्त कर ली। प्रारंभिक पूछताछ में मोहित उर्फ फौजी ने बताया कि उसने पांच-सात दिन पहले चक 4 केएसपी निवासी अमरा से भोजुवाला हैड पर यह नशीली टेबलेट खरीद की थी। वह नशीली टेबलेट बेचने के लिए डबली खुर्द की तरफ गया था मगर किसी ग्राहक से सम्पर्क नहीं होने के कारण वह वापस अपने गांव जा रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। जांच गोलूवाला थाना प्रभारी ओमप्रकाश सुथार कर रहे हैं। पुलिस टीम में कांस्टेबल हनुमान व अमरचन्द शामिल थे।