मानदेय कार्मिकों को गैर सेवाओं में नहीं लगाने की मांग
by seemasandesh
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं ने जिला कलक्टर को सौंपा ज्ञापन हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। समेकित बाल विकास सेवाओं के मानदेय कार्मिकों को गैर आईसीडीएस सेवाओं में नहीं लगाने की मांग को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं ने गुरुवार को जिला कलक्टर नथमल डिडेल को ज्ञापन सौंपा। अखिल राजस्थान महिला एवं बाल विकास संयुक्त कर्मचारी संघ के बैनर तले सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि समेकित बाल विकास सेवाओं के मानदेय कार्मिकों को आईसीडीएस के अलावा कई कार्य करने पड़ रहे हैं। इस कारण मानदेय कार्मिकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। संघ की प्रदेश मंत्री सीमा भाटी ने बताया कि आईसीडीएस के कार्य पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। उनका पूर्व कार्यभार अधूरा पड़ा है। क्योंकि आए दिन उनकी ड्यूटी अन्य विभागों में लगा दी जाती है। पिछले कुछ दिनों से जन आधार का कार्य दिया जा रहा है। हाल में श्रमिक कार्ड का कार्य भी दिया गया। लेकिन कोई सहायता नहीं दी जा रही। उन्हें बार-बार इन कार्यांे के लिए लोगों के घरों में जाना पड़ रहा है। इस कारण वे आंगनबाड़ी पाठशाला पर समय नहीं दे पा रहीं। न ही कार्य पूर्ण हो रहा है। अधिकारियों की ओर से केन्द्र का निरीक्षण किया जाता है तो कभी उनका कार्य अधूरा मिलता है तो कभी वे गैर कार्यांे के कारण केन्द्र से अनुपस्थित मिलती हैं। इस पर उन्हें विभाग से फटकार लगती है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं ने जिला कलक्टर से ज्ञापन के माध्यम से गुहार लगाई कि उन्हें गैर सेवाओं में नहीं लगाकर राहत प्रदान की जाए। इस मौके पर संघ जिलाध्यक्ष सुनीता रानी, सचिव रानी कौर, कोषाध्यक्ष यशोदा सहित कई आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका मौजूद थीं।