Saturday, May 16निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

पक्षियों के रहने के लिए बनाया कृत्रिम आवास

  • द इगल फाउंडेशन की पहल
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    शहर के युवाओं के संगठन द इगल फाउंडेशन ने गर्मी के मौसम में पहल करते हुए पक्षियों के रहने के लिए कृत्रिम आवास का निर्माण करवाया है। इस कृत्रिम आवास में एक समय में करीब चार दर्जन पक्षी रह सकते हैं। द इगल फाउंडेशन सदस्यों की ओर से यह पहल वर्तमान में पेड़ों की हो रही अंधाधुंध कटाई के परिणामस्वरूप पक्षियों के रहने का ठिकाना न होने के चलते की गई है। द इगल फाउंडेशन के राष्टÑीय अध्यक्ष प्रशान्त सोनी ने कहा कि दिन-प्रतिदिन गर्मी बढ़ने के कारण रोजाना न जाने कितने पक्षी मौत के मुंह में समा जाते हैं। पेड़ों की भी अंधाधुंध कटाई से पक्षियों का रहने का ठिकाना नहीं मिल रहा। इस समस्या की तरफ ध्यान देते हुए द इगल फाउंडेशन की ओर से कृत्रिम आवास का निर्माण करवाया गया है। इस आवास में एक समय में कम से कम 50 पक्षी रह सकेंगे। सोनी ने बताया कि करीब एक माह से कृत्रिम आवास पर कार्य चल रहा था। अब यह कार्य पूर्ण हुआ है। कृत्रिम आवास को हाऊसिंग बोर्ड में स्थापित किया गया है। इसके अलावा फाउंडेशन सदस्यों की ओर से पक्षियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था करने के लिए परिंडे भी बांधे गए हैं। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए अपने घरों की दीवारों, छत्तों व पेड़ों पर पक्षियों के दाना-पानी के लिए परिंडे रखें ताकि कोई भी पक्षी प्यास से न मरे। इस मौके पर फाउंडेशन जिलाध्यक्ष नासिर खान, अशरफ जोइया, राम सोनी, भगवानदास, राहुल मौर्य, पवन कुशवाहा आदि मौजूद थे।