पेट्रोल-डीजल के बढ़े दामों से गड़बड़ाया आम आदमी के घर का बजट
by seemasandesh
दैनिक उपयोग की अन्य वस्तुओं के दामों में भी लगी आग, बोले नागरिक- एक देश में पेट्रोल-डीजल का हो एक दाम हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। पेट्रोल-डीजल के बढ़े दामों से आम आदमी के घर का बजट गड़बड़ा गया है। अब लोग घर से दुपहिया या चौपहिया वाहन से निकलते समय कई बार सोचते हैं। इसका परिणाम यह है कि अब कई लोग वाहन को छोड़ बाजार से जरूरत का सामान लाने सहित अन्य छुटपुट कार्यांे के लिए साइकिल का इस्तेमाल करने लग गए हैं। पड़ोसी राज्य पंजाब-हरियाणा में पेट्रोल-डीजल के दाम कम होने के कारण वहां पेट्रोलियम पदार्थांे की बिक्री बढ़ी है जबकि क्षेत्र के पेट्रोल पम्प संचालकों को घाटा हो रहा है। पेट्रोल-डीजल के बाद सब्जियों के दामों में भी आग लगी हुई है। चारों तरफ से महंगाई की मार झेल रहा आम आदमी सरकार से पेट्रोल-डीजल व सब्जियों के दामों में कमी करने की मांग कर रहा है। शुक्रवार को जंक्शन के एक पेट्रोल पम्प पर दुपहिया में पेट्रोल डलवाने पहुंचे पार्षद राजेन्द्र चौधरी ने कहा कि पेट्रोल-डीजल के दामों में बढ़ोतरी से हर व्यक्ति का बजट बिगड़ गया है। इसलिए अब लोगों को पहले की तरह साइकिल पर यात्रा करनी पड़ेगी। साइकिल चलाने से जहां जेब खर्च बचेगा वहीं दूसरी तरफ शरीर भी स्वस्थ रहेगा। वहीं एक अन्य दुपहिया चालक प्रकाश का कहना था कि हैरानी इस बात की है कि पंजाब-हरियाणा से मुकाबले हनुमानगढ़ में पेट्रोल-डीजल के दामों में 12 से 15 रुपए का अन्तर है। पंजाब-हरियाणा, हनुमानगढ़ जिले से नाममात्र की दूरी पर हैं। कायदे के हिसाब से एक देश एक दाम हों। उन्होंने कहा कि प्रदेश में महंगाई ने कमर तोड़कर रख दी है। रसोई गैस सिलेंडर का दाम एक हजार रुपए तक पहुंच चुका है। सब्जियों के भाव आसमान छू रहे हैं। नींबू भी बादाम के भाव में मिल रहे हैं। यह सब पेट्रोल-डीजल के दामों में बढ़ोतरी के कारण हुआ है। महंगाई के इस दौर में आम वर्ग का जीना मुहाल हो गया है। सरकार से मांग है कि महंगाई कम करने के लिए इन वस्तुओं पर एक्साइज ड्यूटी घटाई जाए। इन वस्तुओं के दाम कम किए जाएं ताकि आमजन को राहत मिले। वहीं टेम्पो चालक अजय कुमार का कहना था कि वे भी डीजल के दामों में बढ़ोतरी से अछूते नहीं हैं। पूर्व में 94-95 रुपए प्रति लीटर अब 105 रुपए हो चुका है। वे यात्रियों से वही पूर्व से निर्धारित किराया वसूल रहे हैं। ऐसे में उन्हें घाटा लग रहा है। 200 से 300 लीटर बिक्री घटी कुमार पेट्रोल पम्प के मैनेजर हरमिन्द्र सिंह के अनुसार शुक्रवार को पेट्रोल के दाम 122.06 रुपए प्रति लीटर और डीजल के दाम 104.67 रुपए प्रति लीटर थे। 6 अप्रैल के बाद से दामों में बढ़ोतरी नहीं हुई। पंजाब-हरियाणा के मुकाबले हनुमानगढ़ में पेट्रोल-डीजल काफी महंगा है। इस कारण बिक्री पर प्रभाव पड़ा है। रोजाना होने वाली पेट्रोल-डीजल की बिक्री में 200 से 300 लीटर की कमी आई है। दामों में बढ़ोतरी के कारण पम्प मालिकों को नुकसान हो रहा है। सरकार से मांग है कि पेट्रोल-डीजल के दामों को पंजाब-हरियाणा के बराबर किया जाए। उन्होंने बताया कि पंजाब में पेट्रोल के दाम 97-98 रुपए प्रति लीटर हैं जबकि हनुमानगढ़ में 122 रुपए हैं। करीब 24 रुपए का अंतर है। पड़ोसी राज्यों से डीजल की कालाबाजारी भी हो रही है।