विधायक प्रतिनिधि, नगर परिषद सभापति-उपसभापति ने किया शिलान्यास हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। जंक्शन के वार्ड नम्बर 59 में कारपेट सड़क के निर्माण कार्य का शिलान्यास शनिवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी सदस्य व विधायक प्रतिनिधि भूपेन्द्र चौधरी, नगर परिषद सभापति गणेश राज बंसल तथा उपसभापति अनिल खीचड़ की ओर से किया गया। कारपेट सड़क का निर्माण करीब 28 लाख रुपए की लागत से होगा। इस दौरान वार्डवासियों ने वार्ड 59 में पूर्व में बनी कारपेट सड़क निर्माण में अनियमितता बरतने की शिकायत की। उनका कहना था कि सड़क बनाने से पहले सफाई आदि का ध्यान नहीं रखा गया। इस पर सभापति ने कहा कि ठेकेदार को तीन साल तक सड़क की देखरेख करनी पड़ेगी। अगर इस समय में कोई सड़क क्षतिग्रस्त होती है तो उसे दुरुस्त करने की जिम्मेवारी ठेकेदार की होगी। उन्होंने शिकायत की जांच करवाने व शिकायत सही पाए जाने पर ठेकेदार का भुगतान रोकने के लिए वार्डवासियों को आश्वस्त किया। इस मौके पर सभापति बंसल ने कहा कि वार्ड 59 में तकरीबन सभी सड़कों का कारपेट निर्माण करवाया जा चुका है। इससे वार्ड का सौंदर्यकरण बढ़ा है। आमजन को आवागमन में सुविधा मिली है। कारपेट सड़क के निर्माण कार्य के शिलान्यास मौके पर पार्षद प्रतिनिधि निरंजन नायक, गुरमीत सिंह, हेमसिंह, अशोक गौरी, रूपेन्द्र यादव, रमजान खान, जगदीप सिंह, रत्तीराम सहारण, रामकुमार, नरेन्द्र रणवां, बबलू सोनी, ओमप्रकाश, शंकरलाल, विजयपाल, उम्मेद यादव, दयाशंकर, कालूराम, चेतराम, गोपी, मुकेश, नदीम खान, अनिल, कृष्ण मेघवाल आदि मौजूद थे।