Saturday, May 16निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

उदयपुर में 60 फीट गहरे कुएं में गिरी गाय, जान बचाने को ढाई घंटे तक कुएं में लटका रहा रेस्क्यूकर्मी

उदयपुर।

राजस्थान के उदयपुर में एक साठ फीट गहरे पानी से भरे कुएं में गिरी गाय को अपनी जान पर खेलकर आपदा प्रबंधन टीम ने जिंदा बाहर निकाला। रेस्क्यू खत्म होने के बाद गांव वालों ने भी आपदा प्रबंधन टीम की हौसला अफजाई की। घटना उदयपुर शहर के पास लियो का गुड़ा गांव की है। रेस्क्यू करीब चार घंटे तक चला।

गांववालों के मुताबिक शनिवार शाम अंधेरा होने के बाद गांव के एक जर्जर कुएं में गाय गिर गई। कुएं के अंदर से गाय के चिल्लाने की आवाज आने लगी तो लोग घटनास्थल पर इकट्ठा हो गए। पहले गायवालों ने अपने तरीके से ही गाय को बाहर निकलाने की योजना बनाई, लेकिन कुएं की दीवार जर्जर होने से वे रेस्क्यू शुरू भी नहीं कर सके। इसके बाद गांववालों ने एनिमल एड सोसायटी व आपदा प्रबंधन टीम को सूचना दी।

यूं गाय को निकाला कुएं से बाहर
मौके पर पहुंची टीम ने अपने उपकरण मंगवाए और ऑपरेशन शुरू किया। एनिमल एड के दीनदयाल गोरा के कहने पर क्रेन मंगवाई गई। आपदा प्रबंधन के कैलाश मेनारिया सेफ्टी बेल्ट के साथ सीढ़ी लगाकर कुएं में उतरे। लटकते हुए घबराई हुई गाय को काबू कर पाना बहुत मुश्किल था। कैलाश मेनारिया करीब ढाई घंटे तक कुएं में ही लटके रहे और गाय को सेफ्टी बेल्ट पहनाने की कोशिश में जुटे रहे। इसके बाद क्रेन की मदद से गाय को बाहर निकाला गया।