रावतसर (सीमा सन्देश)। मानसिक तनाव दूर करने का सबसे उत्तम जरिया खेल ही है। वर्तमान समय में युवाओं को चाहिए कि नशा करें तो केवल खेल का करें। ताकि उनका शारीरिक व बौद्धिक विकास भली-भांति हो सके। व्यक्ति खेल को अगर अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाता है तो वह पूरा दिन तरोताजा महसूस करता है। खेल शारीरिक विकास का आधुनिक साधन तो है ही साथ ही चरित्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। यह विचार पुलिस अधीक्षक अजय सिंह राठौड़ ने स्थानीय डीएसपी कार्यालय परिसर में निर्मित बैडमिंटन कोर्ट के लोकार्पण पर व्यक्त किए। बैडमिंटन कोर्ट का निर्माण व्यवसायी दिनेश कुमार लड्ढा ने अपने पिता स्वर्गीय पृथ्वीराज लड्डा की स्मृति में करवाया गया है। इस मौके पर जिले के आला अधिकारी मौजूद रहे। इस मौके पर बैडमिंटन मैच भी करवाए गए। पहला मैच एसपी अजय सिंह राठौड़ व कांस्टेबल नरेश की युगल टीम का सीडब्ल्यूसी अध्यक्ष जितेंद्र गोयल व एसपी सुरेश चंद्र की टीम के मध्य खेला गया। प्रथम स्थान पर एसपी अजय सिंह राठौड़ व नरेश कांस्टेबल रहे। युवा भविष्य गोयल व मांगीलाल कांस्टेबल ने द्वितीय स्थान हासिल किया। तहसीलदार उमा मित्तल व राशि लढा की टीम तीसरे स्थान पर रही। कुल 10 मैच खेले गए । इनमें उपखंड अधिकारी ,तहसीलदार ,जांगिड़, एसीजेएम रचना बिस्सा, न्यायिक मजिस्ट्रेट मीना गहलोत,पुलिस स्टाफ सभी ने भाग लिया। पीलीबंगा थाना प्रभारी इंद्र कुमार मारवाल ने निर्णायक की भूमिका निभाई। विजेता प्रतिभागियों को दिनेश लड्ढा परिवार की तरफ से स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए। इस मौके पर विधायक धर्मेन्द्र मोची,पूर्व सांसद भरतराम मेघवाल,डीएसपी पूनम चौहान, एसडीएम शिवा चौधरी, हवलदार प्रह्लाद गोदारा, डॉ महावीर सहारण, एसआई हरबंस लाल, एचएमओ चिरंजी लाल शर्मा पल्लू थाना प्रभारी अमर सिंह, पुलिस थाना रावतसर व वृत कार्यालय के कार्मिक के साथ गणमान्य लोग मौजूद रहे।