उज्जवल क्लासेज का वार्षिकोत्सव समारोह जुनून सम्पन्न हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। जंक्शन स्थित उज्जवल क्लासेज का वार्षिकोत्सव समारोह जुनून रविवार को मनाया गया। जनुन वार्षिकोत्सव में मुख्य रूप से हास्य कलाकार मुरारी लाल पारीक ने अपनी हास्य व्यंग्यों से खूब तालियां बटोरी। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नगरपरिषद पूर्व सभापति संतोष बंसल, जिला अंहिसा बोर्ड के सह संयोजक तरुण विजय, नगर परिषद उपसभापति अनिल खीचड़ थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था निदेशक गुरदीप मशाल व संस्थापक महेश शर्मा ने की। कार्यक्रम में कॉमेडियन मुरारी लाल पारीक ने अपने हास्य व्यंग्यों से तालियां बटोरी। साथ ही बच्चों को कठिनाइयों से न घबराने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि हर कामयाब व्यक्ति के जीवन का संघर्ष आम आदमी को नहीं दिखता परन्तु हर कामयाब व्यक्ति के संघर्ष के दौरान अनेकों असफलताएं छुपी होती हैं जिनका सामना कर वह कामयाब हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाएं निरन्तर जारी हैं। कुछ विद्यार्थी परीक्षा में असफल होने के कारण अपना मनोबल कमजोर करते हैं और परेशान रहने लगते हैं। उन्होंने कहा कि परेशानी किसी चीज का हल नहीं है बल्कि असफलता से लड़कर सफलता की और बढ़ना ही असली जीत है। उन्होंने कहा कि जरूरी नहीं है कि सफलता एक या दूसरे प्रयास में मिल जाये परन्तु असफलता से लड़ने वाला व्यक्ति सफलता मिलने से पहले ही सफल हो जाता है क्योंकि असफलता के साथ साथ उसे कई तरह के अनुभव भी मिलते हैं जो उसे सफल बनाने में निरन्तर प्रयास करते हैं। संस्था निदेशक गुरदीप मशाल व संस्थापक महेश शर्मा ने अतिथियों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर उनका अभिनंदन किया। इस मौके पर संस्था संचालक सुभाष पटीर, दिव्या, डॉ. श्यामसुन्दर शर्मा, डॉ. संतोष राजपुरोहित, सागर लड्ढा, विकास गोयल, डॉ. बलदेव सेवटा, डॉ. राम सिहाग, मनीष पुरोहित, रमनदीप सिंह आदि मौजूद थे।