हनुमानगढ़( नोहर)
क्षेत्र के गांव ढ़ाणी अराईयान में सिंचाई पानी की बारी को लेकर दो पक्षों के बीच हुए खूनी संघर्ष में करीब डेढ़ दर्जन लोग घायल हो गए। इस संबंध में नोहर पुलिस थाना में दोनों पक्षों की ओर से परस्पर जान से मारने की नीयत से हमला करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया गया है। घटना कि जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
घायलों को लाए नोहर के अस्पताल
सभी घायलों को नोहर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनो पक्षों में गुरुवार अल सुबह पानी के लिए नंबर आने की बात पर विवाद हो गया। जिसने बाद में हिसंक रूप ले लिया। घटना के दौरान दोनों पक्षों के बीच हुई मारपीट का वीडियो भी सोशल मीडिया पर दिनभर वायरल हुआ।
परस्पर मामले दर्ज
प्राप्त जानकारी के अनुसार अल सुबह ढाणी अराईयांन के पास चक 30 एनटीआर में शमशाद अली पुत्र आशफ अली अपने पुत्र और भतीजों के साथ खेत में पानी लगाने गए। इसी दौरान मौके पर पहुंचे युनुस अली, याकूब आदि ने उन्हें पानी नहीं लगाने दिया। तभी युनुस,हाकम अली, अब्दुल सलीम, मुंशी खां, हाकम, श्योकत, अब्दुल रहमान, दीवान, सुलेमान, असरद, सत्तार, जावेद यासीन सहित पन्द्रह-बीस अन्य ने लाठी गंडासों से उन पर हमला बोल दिया।
जमीन ठेके पर लेने का विवाद
वहीं दूसरे पक्ष के हाकम पुत्र खुशी मोहम्मद अराई ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि उन्होंने एक साल के लिए जमीन ठेके पर ली है। शमशाद व हाकम अली के साथ विवाद है। सुबह करीब साढे 6 बजे शमशाद, अब्दुल, युनुस, अरशद, अकरम, मुंसफ, शमशाद, सलीम आदि ने जान से मारने की नीयत से लाठी व गंडासों से हमला कर दिया। थाना प्रभारी रविन्द्रसिह नरूका ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। सरकारी अस्पताल में भर्ती घायलों की हालत खतरे से बाहर है।