Saturday, May 16निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

दो दिवसीय अभियान के पहले दिन नाका लगाकर कार्रवाई

  • दुपहिया वाहन चालकों से हेलमेट पहनने के लिए की गई समझाइश
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    यातायात पुलिस की ओर से गुरुवार को जंक्शन में श्रीगंगानगर रेलवे फाटक के पास नाका लगाकर वाहनों की जांच की गई। इस दौरान यातायात प्रभारी अनिल चिन्दा के नेतृत्व में यातायात पुलिस कर्मियों ने हेलमेट पहने बगैर दुपहिया वाहन चलाने वालों के चालान काटे। कागजातों के अभाव में वाहन सीज करने की कार्रवाई की गई। इस दौरान कागजातों के अभाव में तीन मोटर साइकिल सीज की गई जबकि 78 वाहनों के चालान किए गए। यातायात पुलिस का नाका लगा देखकर कुछ वाहन चालक गलियों में इधर-उधर वाहनों को भगा ले गए। चालान काटने की कार्रवाई के साथ यातायात पुलिस कर्मियों की ओर से वाहनों चालकों से यातायात नियमों की पालना के लिए समझाइश की गई। उन्हें हेलमेट को सही तरीके से पहनने के बारे में बताया गया। इस मौके पर यातायात प्रभारी अनिल चिन्दा ने बताया कि पुलिस मुख्यालय एवं जिला पुलिस अधीक्षक के आदेशों की पालना में यातायात नियमों की पालना के लिए यातायात पुलिस की ओर से दुपहिया वाहन चलाने वाले चालकों के हेलमेट की जांच के लिए गुरुवार व शुक्रवार को दो दिवसीय अभियान चैकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में श्रीगंगानगर रेलवे फाटक पर नाका लगाकर वाहनों की जांच की गई। बिना हेलमेट दुपहिया चलाने वालों के चालान किए गए। हेलमेट पहनने के लिए समझाइश की गई। उन्हें जागरूक किया गया कि वे वाहन चलाते समय यातायात नियमों की पालना करें ताकि वे स्वयं व उनका परिवार सुरक्षित रहे। ऐसे तिपहिया वाहन जिनमें सब्जी या अन्य सामान डालकर ओवरलोडिंग की गई थी उनके खिलाफ भी कार्रवाई की गई। यातायात प्रभारी ने टेम्पो चालकों से अपील की कि वे अपने तिपहिया सवारी वाहन पर लोडिंग का कार्य न करें।