Saturday, May 16निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

ओवरलोडिंग के खिलाफ धरने पर बैठे ट्रक आॅपरेटर

  • टाउन थाना प्रभारी पर लगाया अभद्र व्यवहार करने का आरोप
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    शहर की सड़कों पर दौड़ रही ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉलियों व अन्य वाहनों पर रोक लगाने की मांग को लेकर ट्रक आॅपरेटर यूनियन के सदस्यों ने शुक्रवार को टाउन में शंकर धर्मकांटा के सामने बेमियादी धरना शुरू कर दिया। धरने पर बैठे ट्रक आॅपरेटरों, चालकों व खलासियों ने जिला परिवहन व पुलिस विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। इस मौके पर ट्रक आॅपरेटर यूनियन प्रधान जुगल राठी ने कहा कि शहर में धड़ल्ले से अवैध रूप से ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉलियां व अन्य वाहन चल रहे हैं। लेकिन न तो परिवहन विभाग और न ही पुलिस कोई कार्रवाई कर रही है। इस बारे में समय-समय पर दोनों विभागों के अधिकारियों को अवगत करवाया गया। दो दिन पहले टाउन पुलिस थाना में डीएसपी प्रशांत कौशिक, थाना प्रभारी दिनेश सारण की मौजूदगी में व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों और परिवहन विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक हुई थी। इसमें तय हुआ था कि भविष्य से शहर की सड़कों पर ओवरलोड वाहन नहीं दौड़ेंगे लेकिन गुरुवार को पूरा दिन ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्राली व कैंटर चले। सीजन के बावजूद ट्रक आॅपरेटरों को काम नहीं मिल रहा। ओवरलोड वाहन चलने के कारण उनका काम ठप हो गया है। इसके विरोध में ट्रक आॅपरेटर यूनियन सदस्यों की ओर से बेमियादी धरना शुरू किया गया है। राठी ने आरोप लगाया कि शुक्रवार को ट्रक आॅपरेटर यूनियन के सदस्य ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉलियों व अन्य वाहनों पर कार्रवाई करने की मांग कोे लेकर टाउन थाना पहुंचे तो थाना प्रभारी दिनेश सारण ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। हवालात में डालने तक की धमकी दी। थाना प्रभारी का कहना था कि वे कुछ नहीं कर सकते। इस बारे में यूनियन सदस्य डीटीओ को अवगत करवाएं। ट्रक यूनियन अध्यक्ष राठी ने कहा कि न तो पुलिस और न ही परिवहन विभाग के अधिकारी उनकी सुनवाई कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ओवरलोड वाहनों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की जाती है तो आॅपरेटरों की ओर से ट्रकों को जिला परिवहन अधिकारी कार्यालय में खड़ा कर डीटीओ का घेराव किया जाएगा। उन्होंने टाउन थाना प्रभारी के रवैये की भी निंदा करते हुए कहा कि यह बर्दाश्त योग्य नहीं है। धरने पर आशु मक्कड़, रघुवीर गोदारा, सुखमन्द्र सिंह, योगेश सेठी, अनिल धमीजा, संजय गोयल, गुरमेल सिंह, अशोक शर्मा, मोहन लाल गुप्ता, राकेश कुमार, पन्नालाल, सोनू, नवनीत शर्मा, इन्द्रमोहन, संजीव गोयल, गुरमीत सिंह, सरदूल सिंह, दीपक कुमार, हरविन्द्र सिंह सहित कई ट्रक आॅपरेटर, चालक व खलासी मौजूद थे। उधर, धरने की सूचना मिलने पर परिवहन विभाग के इंस्पेक्टर पवन चुघ मौके पर पहुंचे और ट्रक आॅपरेटरों से बात की। साथ ही ओवरलोडिंग वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की।