पृथ्वी दिवस के मौके पर जिला उप वन संरक्षक कार्यालय परिसर में रोपे 25 पौधे हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। पृथ्वी दिवस के मौके पर शुक्रवार को वन विभाग की ओर से वन विभाग कार्यालय में पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव व एडीजे संदीप कौर थी। अध्यक्षता जिला उपवन संरक्षक अधिकारी करणसिंह काजला ने की। इस दौरान जिला उप वन संरक्षक कार्यालय परिसर में 25 पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। एडीजे संदीप कौर ने पौधरोपण करते हुए कहा कि पर्यावरण को प्रभावित करने में एक प्रमुख कारक प्रदूषण है। इससे उबरने के लिए अधिकाधिक पौधरोपण की जरूरत है। साल में एक व्यक्ति को कम से कम 25 पौधे अवश्य लगाने चाहिएं। उप वन संरक्षक अधिकारी करणसिंह काजला ने कहा कि पौधरोपण कर पर्यावरण व वनों का संरक्षण किया जा सकता है। काजला ने कहा कि वन विभाग की ओर से जारी विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन में पर्यावरण तथा जंगलों के संरक्षण का सन्देश पहुंचाना है ताकि हर व्यक्ति अपने जीवन में पौधरोपण करे और दूसरों को भी पौधरोपण करने के लिए प्रेरित करे। इससे हम सभी मिलकर पर्यावरण के संरक्षण में अपनी अहम भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार की ओर से पौधरोपण को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न प्रकार के औषधि पौधे घर-घर निशुल्क वितरित करवाए जा रहे हैं। आमजन को उनकी सार्थकता समझने की आवश्यकता है ताकि प्रकृति का संतुलन बना रहे। इस मौके पर एसीएफ राजीव गुप्ता, लेखा अधिकारी दिनेश कुमार, सहायक वनपाल जीवराज सिंह, रावतसर क्षेत्रीय वन अधिकारी रणवीर मील, वरिष्ठ सहायक अंकित यादव, विजय कुमार, धर्मपाल कस्वां, हरिन्द्र सिंह, विनोद कुमार, मोहम्मद वसीम, मनीष, चंदन, रतनपाल, महेश कुमार आदि मौजूद थे।