सीमा सन्देश न्यूज
श्रीकरणपुर। एसीबी की टीम ने एडीजे कोर्ट श्रीकरणपुर के एक वरिष्ठ लिपिक को चार सौ रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो बीकानेर के एसपी गगनदीप सिंगला के अनुसार सोमवार सुबह श्रीगंगानगर चौकी की टीम ने कार्रवाई की। इसमें श्रीकरणपुर न्यायालय अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश के वरिष्ठ लिपिक हेमंत कुमार पुत्र स्व. सत्यपाल निवासी मकान नंबर 128 पी ब्लॉक श्रीगंगानगर को रंगे हाथों रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया। टीम ने आरोपित के कब्जे से रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली।
अफसरों ने बताया कि श्रीकरणपुर वार्ड नंबर 24 निवासी रोशन लाल (30) पुत्र रामचंद्र नायक ने परिवाद दर्ज करवाया। इसमें बताया कि परिवादी ने एलएलबी की हुई है और एक अक्टूबर 2020 से रजिस्ट्रेशन करवाकर श्रीकरणपुर कोर्ट में एडवोकेट का करता हूं। इसके साथ ही जिला न्यायाधीश द्वारा अधीकृत आॅथ कमिशनर एवं साक्ष्य अभिलेखक भी हूं। श्रीकरणपुर के एडीजे कोर्ट में तैनात फौजदारी बाबू हेमंत गुप्ता द्वारा साक्ष्य अभिलेखन कार्य आवंटन करने के लिए परिवादी को मिलने वाले मानदेय में से कमीशन के रुप में रिश्वत की मांग की जा रही है।
कोर्ट खुलने से पहले
ही पहुंची टीम
एसीबी के अफसरों के अनुसार परिवादी रोशन लाल ने शिकायत करते हुए बताया कि बाबू हेमंत कुमार रिश्वत नहीं देने पर भविष्य में साक्ष्य अभिलेखन के लिए नहीं बुलाने की धमकी भी दे रहा है। उक्त शिकायत के अनुसार टीम ने जाल बिछाया और सोमवार सुबह कोर्ट खुलने से पहले ही पहुंच गई। जैसे ही कोर्ट खुली और बाबू ने रिश्वत ली, तब टीम ने छापा मार उसे गिरफ्तार कर लिया।
दस्तावेजों की नकल के लिए खर्चे पानी की मांग
उक्त मामले में परिवादी ने बताया कि वरिष्ठ लिपिक न्यायालय से विभिन्न दस्तावेज की नकल देने के लिए भी अवैध रूप से खर्चा-पानी के नाम पर रिश्वत वसूल करने की कोशिश में रहता है। शिकायत के आधार पर टीम ने 22 अप्रेल को परिवादी की शिकायत का सत्यापन करवाया। इसमें रिश्वत मांग की पुष्टि हो गई। सूत्रों ने बताया कि आरोपित के पिता वरिष्ठ एडवोकेट थे, जो परिवार सहित ब्लॉक एरिया में ही निवास करते थे।