Friday, May 15निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

कलक्ट्रेट के सामने ट्रक खड़े कर पड़ाव डालने की चेतावनी

  • पांचवें दिन भी जारी रहा ट्रक आॅपरेटरों का बेमियादी धरना
  • ओवरलोडिंग व अनाधिकृत वाहनों पर पूर्णतया रोक लगाने की मांग
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    ओवरलोडिंग व अनाधिकृत वाहनों पर पूर्णतया रोक लगाने की मांग को लेकर ट्रक आॅपरेटर यूनियन के सदस्यों का बेमियादी धरना मंगलवार को पांचवें दिन भी टाउन में बाइपास रोड स्थित शंकर धर्मकांटा के पास जारी रहा। धरने पर बैठे ट्रक आॅपरेटरों ने पुलिस और परिवहन विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने ओवरलोडिंग व अनाधिकृत वाहनों पर पूरी तरह से रोक नहीं लगाई तो गुरुवार को जिला कलक्ट्रेट के सामने करीब पांच सौ की संख्या में ट्रक आॅपरेटर अपने-अपने ट्रक खड़े कर पड़ाव डालेंगे। उधर, मंगलवार को एनएसयूआई के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष व छात्र नेता अभिमन्यू पूनिया ने भी धरनास्थल पर पहुंचकर ट्रक आॅपरेटरों की मांग को समर्थन दिया। इस मौके पर ट्रक यूनियन टाउन के प्रधान लीलाधर शर्मा ने कहा कि ट्रक आॅपरेटर पिछले पांच दिनों से कड़ी धूप में धरने पर बैठे हैं। लेकिन प्रशासन के कान पर जूं तक नहीं रेंगी। उन्होंने कहा कि जिला कलक्टर के आदेशों के बावजूद जिला परिवहन विभाग, पुलिस और तहसीलदार की संयुक्त फ्लाइंग की ओर से आंशिक रूप से कार्य किया जा रहा है। अभी तक पूरी तरह से ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली व अन्य वाहनों पर रोक नहीं लगी है। अभी भी अवैधानिक तरीके से धड़ल्ले से ट्रैक्टर चल रहे हैं। व्यापारी दिन में ट्रैक्टर-ट्रॉली भरकर मंडी में शैड के नीचे खड़े कर देते हैं जो रात को अनलोडिंग पॉइंट पर भेज देते हैं। वहां अनलोडिंग कर अगले दिन खाली ट्रैक्टर-ट्रॉली धानमंडी में आ जाती है। जो ट्रैक्टर-ट्रॉली दिन में लोडिंग करते हैं वो व्यापारिक कार्यों के लिए पास ही नहीं होता। साथ में ओवरलोड भी भरते हैं। मंडी में यह व्यवस्था चल रही है। यदि प्रशासन का यही रवैया रहा तो ट्रक आॅपरेटरों को आंदोलन तेज करना पड़ेगा। उन्होंने बताया कि मांग के संबंध में बुधवार को जिला कलक्टर और पुलिस अधीक्षक से मुलाकात की जाएगी। अगर बुधवार शाम तक प्रशासन की ओर से संतोषजनक कदम नहीं उठाया गया तो गुरुवार को करीब पांच सौ ट्रकों के साथ ट्रक आॅपरेटर कलक्ट्रेट के समक्ष पड़ाव डालने को मजबूर होंगे। इसकी सारी जिम्मेवारी प्रशासन की होगी। ट्रक आॅपरेटर यूनियन के सदस्यों ने यूनियन जिलाध्यक्ष जुगल राठी के साथ कथित अभद्र व्यवहार करने वाले टाउन पुलिस थाना प्रभारी के खिलाफ भी कार्रवाई करने की मांग की। धरने पर ट्रक आॅपरेटर यूनियन जिलाध्यक्ष जुगल राठी, टिब्बी ट्रक आॅपरेटर यूनियन के रविन्द्र धारणिया, रघुवीर गोदारा, अनिल धमीजा, दलीप शर्मा, उत्तम शर्मा, अशोक शर्मा, लाभसिंह, महावीर सिंह, गुरमीत सिंह, हरजीत सिंह, पन्नालाल, संजीव गोयल, जोनी मदान, राजेन्द्र बिश्नाई, सुभाषसिंह, योगेश सेठी, हरविन्द्र सिंह, आशु मक्कड़, राम आशीष यादव, मोहनलाल, गजानन्द शर्मा, सुभाष राव सहित कई ट्रक आॅपरेटर मौजूद थे।