Saturday, May 16निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

जयपुर में फैक्ट्रियों से तांबा, सिल्वर चोरी करने वाली गैंग का खुलासा, 7 लोग गिरफ्तार

जयपुर

राजधानी की करधनी थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए बंद फैक्ट्रियों से महंगा तांबा एलमुनियम चोरी करने वाली मेवाती गैंग का पर्दाफाश कर कबाडियो सहित 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने आधा दर्जन से अधिक कबाड़ियों के गोदामों पर दबिश देकर भारी मात्रा में बिजली वायर तांबा एलमुनियम सहित अन्य सामान बरामद किया है.

डीसीपी पश्चिम ऋचा तोमर ने बताया कि एमएम कंस्ट्रक्शन कंपनी के मालिक प्रदीप मोहन ने 21 अप्रैल को फैक्ट्री से एलमुनियम बिजली वायर व तांबा चोरी होने का मामला दर्ज करवाया था. उसके बाद करधनी थानाधिकारी बनवारी लाल मीणा के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने घटनास्थल के आसपास में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले. पुलिस को फुटेज में रात्रि के समय फैक्ट्री के सामने से एक सेंट्रो कार और टेंपो निकलते दिखाई दिया. संदिग्ध वाहन के आधार पर पुलिस टीम ने पीछा किया तो सेंट्रो कार नाजिर कबाड़ी के घर खड़ी मिली थी. जब पुलिस ने नाजिर कबाड़ी को थाने लाकर पूछताछ की तो सारा मामला उगल दिया.

जयपुर से यूपी में बेचता था चोरी का माल
पुलिस ने अनुसार नाजिर मेवात इलाके का रहने वाला था और वह कबाड़ी का काम कर चोरी भी किया करता था नाजिर ने चोरी करने के साथ-साथ चोरी का माल खरीदने वाली भी गैंग बना रखी थी. कबाड़ी चोरी का माल उत्तरप्रदेश के कबाड़ी अब्दुल मेव को बेचता था.

चोरी का माल हुआ बरामद
करधनी पुलिस की टीम ने अब्दुल मेव व चार कबाड़ीओ के गोदाम पर दबिश देकर रेलवे की बड़ी लाइन के तार, 4 से 5 क्विंटल तांबा, एलमुनियम का सामान, करीब दो से ढाई टन बिजली के एलमुनियम के तार और अन्य उपकरण, करीब 7 क्विंटल कॉपर वायर, 100 किलोग्राम पीवीसी आर्मड केबल व नट बोल्ट बरामद किए हैं. फिलहाल करधनी पुलिस अन्य कबाड़ीओ के गोदामों पर तस्दीक करने में जुटी है. पुलिस को और भी कई मामले खुलने की संभावना है.

दिन में लग्जरी कार से रेकी करते और रात को चोरी
पुलिस को आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उक्त मेवाती गैंग में 1 दर्जन से अधिक बदमाश शामिल थे जो दिन में लग्जरी कार से लेकर रात मे लोडिंग टेंपो मैं माल भरकर ले जाते थे और अलग-अलग कबाड़ीओ को माल बेचकर फरार हो जाते थे. बदमाशों ने करीब 3 माह में फैक्ट्री से करीब चार से पांच बार वारदात को अंजाम दे चुके हैं.

जयपुर में ज्यादातर कबाड़ी मेवात और यूपी के
पुलिस पूछताछ में पता चला है कि गैंग के आधा दर्जन लोग मेवात या उत्तर प्रदेश से लगती सीमा के रहने वाले हैं जिनका संपर्क दिल्ली में बैठे कबाड़ीओ से है. जयपुर के कबाड़ी तांबा, एलमुनियम, बिजली के तार, केबल, ट्रांसफार्मर आदि माल खरीदकर गोदामो में इकट्टा कर दिल्ली बेच देते हैं. फिलहाल पुलिस ने गैंग में शामिल कबाड़ीयो सहित आधा दर्जन बदमाशों को गिरफ्तार कर चुकी है. वहीं, पुलिस गैंग में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है.

इन आरोपियों को किया गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपी अब तक कई वारदातों को अंजाम दे चुके हैं. आरोपी दिलीप सिंह पूर्व में भी विश्वकर्मा इलाके में बीएसएनएल के गोदाम से 65 लाख के माल चोरी के मामले में गिरफ्तार हो चुका है. फिलहाल पुलिस गैंग से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में दबिश दे रही है. पुलिस को और भी कई वारदातें खुलने की संभावना है.

1. अब्दुल गफूर (27)पुत्र नईमुल हसन पठान निवासी कमालपुर काशीधाम नगर यूपी हाल ही अजय नगर खोरा बिसल
2. मनीष मीणा(20) पुत्र अशोक मीणा निवासी सिंघाना झुंझुनू हाल ही गणेश नगर नाजिर कबाड़ी की दुकान करधनी
3. लालचंद जेठवानी(27) पुत्र रिचुमल जेठवानी गांव लाखन गोठडी अजमेर हाल ही 107 सेंटर कॉलोनी मुरलीपुरा
4. राजू पुत्र हीरा लाल सिंधी निवासी सी ब्लॉक विद्याधर नगर हाल ही गणेश कॉलोनी मीणा की ढाणी विश्वकर्मा
5. मनमोहन अग्रवाल(54) पुत्र गोविंदराम महाजन निवासी 61 किशोर नगर हनुमान मार्ग मुरलीपुरा
6. नाजिर खान(35) पुत्र इदरीश खान निवासी पलासली तिजारा अलवर हाल ही गणेश नगर
7. दिलीप सिंह(41) पुत्र खेमसिंह राजपूत निवासी किशनपुरा दोसा हाल ही रामनगर करधनी