बीकानेर. राज्य की 133 सरकारी स्कूलों को क्रमोन्नत किया गया है। इनमें 64 माध्यमिक स्कूलों को उच्च माध्यमिक में तथा 69 उच्च प्राथमिक स्कूलों को माध्यमिक में क्रमोन्नत किया गया है। जारी आदेशों में इन स्कूलों को शिक्षण सत्र 21-22 में प्रवेश दिया जा सकेगा। जिन 69 उच्च प्राथमिक स्कूलों को माध्यमिक में किया गया है उनमें सुविधा और कक्षा कक्ष उपलब्ध होने पर एक साथ कक्षा 9 व 10 में एक साथ प्रवेश दिया जा सकेगा। जिन 64 स्कूलों को माध्यमिक से उच्च माध्यमिक में क्रमोन्नत किया गया है उनमें भी सुविधा होने पर 11 वीं तथा 12 वीं में प्रवेश दिए जा सकेंगे। इसके अलावा इन कक्षाओं तीन ऐच्छिक विषयों का चयन विद्यार्थियों की आवश्यकता और रुचि के अनुसार प्रस्ताव तैयार कर जिला शिक्षा अधिकारी के माध्यम से निदेशालय को भेजे जाएंगे।
माध्यमिक में क्रमोन्नत की गई उच्च प्राथमिक स्कूलों में कार्यरत तृतीय श्रेणी अध्यापकों का समायोजन किया जाएगा जबकि सीनियर सेकेंडरी स्कूलों में अनिवार्य विषय हिंदी व अंग्रेजी का शिक्षण उस स्कूल में इन विषयों के वरिष्ठ अध्यापक कराएंगे।
जिले में दो उच्च प्राथमिक व 5 माध्यमिक क्रमोन्नत
जिले की दो उच्च प्राथमिक स्कूलों में एक कोलायत तहसील की राबाउप्रावि कोलासर पूर्व की तथा दूसरी लूणकरणसर तहसील की राउप्रावि किशनासर को माध्यमिक में क्रमोन्नत किया गया है जबकि जिन माध्यमिक स्कूलों को उच्च माध्यमिक में क्रमोन्नत किया गया है उनमें बीकानेर शहरी क्षेत्र की राबामावि सोनगिरी कुंआ, श्रीडूंगरगढ़ तहसील की राबामावि दुलचासर, कोलायत तहसील की राबामावि बज्जू खालसा तथा रामावि गज्जेवाला और खाजूवाला की रामावि कृष्ण नगर छत्तरगढ़ शामिल हैं।