नई दिल्ली
स्पिन के जादूगर राशिद खान आईपीएल 2022 में अपनी गेंदबाजी से ज्यादा बल्लेबाजी की वजह से चर्चा में रहे हैं। वानखेड़े स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ हुए रोमांचक मुकाबले में गेंदबाजी में महंगे साबित हुए राशिद खान ने बल्ले से फैंस का खूब मनोरंजन किया। हैदराबाद के खिलाफ गेंदबाजी के दौरान राशिद ने अपने 4 ओवर में बिना विकेट लिए 45 रन खर्च किए। हैदराबाद के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने राशिद के ओवरों में जमकर रन बटोरे। लेकिन बल्लेबाजी में राशिद के तेवर देखकर हैदराबाद के गेंदबाज भी दंग रह गए। राशिद ने आखिरी ओवर की अंतिम चार गेंदों में तीन छक्के लगाकर गुजरात को हारा हुए मैच जिताया।
मैच के बाद हार्दिक पांड्या और तेवतिया के साथ बातचीत में राशिद खान ने अपने शॉट के बारे में बात की जो उन्होंने मार्को जेनसेन के खिलाफ खेले थे। राशिद खान ने ऑनसाइड पर केवल अपनी कलाई के दम पर कुछ अजीब शॉट खेले, जिसे देखकर हर कोई हैरान रह गया था।
राशिद खान ने अपने स्ट्रोक को ‘द स्नेक शॉट’ नाम दिया और बताया कि उन्हें बल्ले का पूरा स्विंग क्यों पसंद नहीं है।