जयपुर
राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 से पहले राजस्थान में सियासी हलचल तेज हो गई है। सूत्राें का दावा है कि कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने सोनिया गांधी से मुलाकात अशोक गहलोत को मुख्यमंत्री पद से हटाने की मांग की है। सूत्रों का कहना है कि सचिन पायलट ने पिछले दिनों गांधी परिवार के साथ तीन बैठकें की है। बताया जाता है कि इस दौरान पायलट ने कांग्रेस आलाकमान से कहाकि गहलोत को हटाने में देर करने पर राजस्थान में पंजाब जैसी स्थिति हो जाएगी। सूत्रों का यह भी कहना है कि सचिन पायलट ने सोनिया से खुद को सीएम बनाने की मांग भी की है।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में सचिन पायलट ने नई दिल्ली में सोनिया गांधी से मुलाकात की थी। माना जा रहा है कि सचिन पायलट ने सोनिया गांधी से साफ शब्दों में कह दिया कि यदि राजस्थान में कांग्रेस सरकार रिपीट करनी है तो अशोक गहलोत को मुख्यमंत्री पद से हटाना ही होगा। एनडीटीवी के मुताबिक पायलट ने खुद को मुख्यमंत्री बनाने की मांग की है। पायलट से पहले सोनिया गांधी ने सीएम अशोक गहलोत को नई दिल्ली में मुलाकात के लिए बुलाया था। वहीं पांच दिन पहले ही सीएम गहलोत ने जयपुर में एक कार्यक्रम में कहा था कि मेरा इस्तीफा तो परमानेंट सोनिया गांधी के पास रखा हुआ है।