Monday, May 18निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

CM गहलोत ने CMR में बुलाई आपात बैठक, प्रदेशवासियों को मिल सकती है बड़ी राहत 

जयपुर

राजस्थान में बिजली संकट गहराता जा रहा है। सीएम गहलोत ने बिजली संकट को लेकर मुख्यमंत्री निवास पर आपात बैठक बुलाई है। सीएम गहलोत की अध्यक्षता में बैठक चल रही है। बैठक में ऊर्जा मंत्री भंवर सिंह भाटी, मुख्य सचिव उषा शर्मा, प्रमुख सचिव सीएम कुलदीप रांका, प्रमुख सचिव ऊर्जा भास्कर ए सावंत सहित ऊर्जा विभाग के अधिकारी मौजूद रहेंगे. बैठक में बिजली प्रबंधन का खाका तैयार होगा. बैठक में कोयला उपलब्धता, एक्सचेंज और बिजली खरीदने को लेकर भी मंथन किया जा रहा है। दरअसल गर्मी की वजह से अप्रैल में बिजली की मांग में लगभग 35 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। साथ ही पीक डिमांड भी 22 प्रतिशत बढ़कर 14200 मेगावाट तक पहुंच गई है। जिसकी वजह से प्रदेश भर में 7 से 8 घंटे तक बिजली की कटौती करन पड़ रही है।

बिजली कटौती से सीएम गहलोत चिंतित

राजस्थान में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली संकट की वजह से 7 से 8 घंटे तक कटौती की जा रही है। जिसकी वजह से छात्रों के सामने परेशानी खड़ी हो गई है। बोर्ड परीक्षाएं आयोजित हो रही हैं। कई जिलों का तापमान 44 डिग्री से ऊपर पहुंच रहा है और ऊपर से बिजली गुल होने से परेशानी और बढ़ गई है। बिजली कटौती का खामियाजा किसानों को उठाना पड़ रहा है। ऊर्जा मंत्री ने हाल ही में कहा था कि महंगी दरों पर भी बिजली नहीं मिल पा रही है।  गुरुवार को ऊर्जा मंत्री ने विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर इसकी समस्या दूर करने पर विस्तार से चर्चा की थी। प्रमुख शासन सचिव उर्जा एवं अध्यक्ष डिस्कॉम्स भास्कर ए सावंत ने बिजली की उपलब्धता एवं मांग व आपूर्ति की स्थिति के बारे में उर्जा मंत्री को विस्तार से जानकारी दी थी।