प्रशासन शहरों के संग अभियान के तहत शिविरों की सूची जारी
by seemasandesh
खालसा नगर में लगेगा अभियान के द्वितीय चरण का पहला शिविर श्रीगंगानगर। कोरोना संक्रमण के चलते प्रभावित हुए प्रशासन शहरों के संग अभियान के तहत एक मई से फिर शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसके लिए सरकार द्वारा विभिन्न नियमों में छूट और शिथिलता के पिटारा खोलने का क्रम जारी है। वहीं जिन कॉलोनियों में पट्टे जारी करने में अड़चने आ रही थी उन्हे दूर करने के लिए हाई लेवल पर लगातार बैठकें जारी है। सूत्रों के अनुसार जहां नए मास्टर प्लान लागू करने के बाद भी पट्टे बनाने में परेशानी होने की संभावना है। वहां सरकार जोनल प्लान के तहत लोगों को पट्टे जारी करेगी। जानकारी अनुसार नगरपरिषद सहित पालिकाओं में कई पुरानी आबादी (पुराना बसा हुआ शहर) व कच्ची बस्तीयों मे पट्टों को लेकर निकाय अधिकारियों ने नियमों की पेचिदगी के चलते पट्टे जारी करने में परेशानी बारे अवगत करवाया था। इसके बाद उच्चस्तरीय बैर्ठंे भी हुई। अभियान के तहत खोले जा रहे पिटारे के तहत पिछले दिनों नगरीय विकास विभाग ने एक आदेश जारी कर बैंक में गिरवी लीज होल्ड पट्टों को फ्री-होल्ड पट्टा लेने की राह खोली थी। शहरी क्षेत्रों में स्थित कृषि भूमि के लिए आसानी से पट्टा देने के लिए नियमों में शिथिलता दी। इसके अलावा पट्टों पर अधिकारियों या सभापति/मेयर के हस्ताक्षरों के चलते लम्बित फाइलों के प्रकरणों को देखते हुए निकाय प्रमुखों को पट्टों पर हस्ताक्षर की समय सीमा भी 15 दिन से घटाकर 3 दिन कर दिया गया है।