नई दिल्ली
अंबुजा सीमेंट के कारोबार को खरीदने की रेस में एक और कंपनी शामिल हो गई है। ये अमेरिकी निजी इक्विटी कंपनी अपोलो ग्लोबल मैनेजमेंट है। अब तक गौतम अडानी के अडानी समूह की दावेदारी सबसे मजबूत मानी जा रही है। वहीं, राधाकिशन दमानी ने भी 10 हजार करोड़ रुपए तक के निवेश की योजना बनाई है।
क्या है अपोलो की योजना: बिजनेस स्टैंडर्ड की खबर के मुताबिक अंबुजा सीमेंट के कारोबार को खरीदने के लिए अपोलो ग्लोबल मैनेजमेंट, सज्जन जिंदल के नेतृत्व वाले JSW समूह के साथ हाथ मिला सकती है। कंपनी बोली लगाने के लिए JSW समूह को 1 बिलियन डॉलर तक की पेशकश करने की योजना बना रही है। अपोलो ग्लोबल मैनेजमेंट की पहले से ही JSW सीमेंट में अल्पमत हिस्सेदारी है।
आपको बता दें कि अंबुजा सीमेंट की पैरेंट कंपनी होल्सिम लिमिटेड ने भारत से कारोबार समेटने का फैसला लिया है। इसी फैसले के तहत कंपनी अंबुजा सीमेंट में अपनी हिस्सेदारी बेच रही है। होल्सिम लिमिटेड की अंबुजा सीमेंट की 63.1 प्रतिशत की हिस्सेदारी पर कंट्रोल है।