हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश)। श्री खुशालदास (एसकेडी) विवि विधि संकाय के विद्यार्थियों ने जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर का भ्रमण किया।
न्यायालय परिसर में पहुंचने पर इन छात्रों का बार संघ अध्यक्ष मनजिन्द्र सिंह लेघा, सुमित अरोड़ा, राजकुमार बागोरिया व अन्य कार्यकारिणी सदस्य द्वारा स्वागत किया गया। एड. हरीश जोशी के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने न्यायालय का भ्रमण किया। जिला एवं सत्र न्यायाधीश संजीव मागो ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें सेशन न्यायालय की कार्यवाहियों व कार्यशैली से अवगत करवाया। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट रवि प्रकाश सुथार ने विद्यार्थियों को न्यायालय पत्रावली दिखाते हुए दस्तावेजों व न्यायालय की प्रक्रियाओं की जानकारी देते हुए न्यायिक मजिस्ट्रेट के कार्यकलापों के बारे में बताया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव सन्दीप कौर (एडीजे) ने विधि विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें लोक अदालत व स्थाई लोक अदालत के प्रावधानों बारे बताया। आगामी 14 मई को लगने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत का अधिक प्रचार प्रसार करने एवं आमजन को लोक अदालत के महत्त्व के बारे में जानकारी देने को कहा तथा लोक अदालत का महत्व बताया। विद्यार्थियों ने बार रूम, अधिवक्ता कक्ष व न्यायालय की विभिन्न शाखाओं का भ्रमण किया।