Tuesday, May 12निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

राजस्थान में बिजली की बंपर कटौती, भीषण गर्मी से अस्पतालों में मरीज बेहाल

भरतपुर।

राजस्थान में बड़े पैमाने पर चल रही अघोषित बिजली कटौती से वैसे तो पूरी जनता परेशान है लेकिन सबसे ज्यादा परेशानी उन मरीजों को हो रही है, जो अव्यवस्थाओं के बीच सरकारी अस्पतालों में भर्ती हैं। इन अस्पतालों में भर्ती मरीज बिजली कटौती की वजह से गर्मी से बेहाल हैं। सरकारी अस्पतालों में भर्ती मरीज बीमारी से ज्यादा गर्मी से तड़प रहे हैं लेकिन ज्यादातर अस्पतालों में बिजली गुल होने के बाद बिजली उपलब्ध कराने के संसाधन उपलब्ध नहीं हैं।

अस्पतालों में गर्मी से मरीज परेशान
भरतपुर जिला मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर दूर स्थित नदबई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के हालात बेहद ज्यादा खराब हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पूरे नदबई विधानसभा क्षेत्र के लोग हजारों की संख्या में इलाज के लिए आते हैं। भीषण गर्मी के इस दौर में जब मौसमी बीमारियां भी चल रही है, तब अस्पताल के बेड मरीजों से भरे पड़े हैं। ज्यादातर मरीज बुखार, जुखाम और खांसी से पीड़ित हैं। इस अस्पताल में इन दिनों ज्यादातर समय बिजली गुल रहती है, जिससे मरीज गर्मी से बेहाल हैं। अस्पताल में जनरेटर तो है लेकिन खराब पड़े हैं।

क्या कहना है मरीजों का
यहां भर्ती एक मरीज ने कहा कि बुखार आने की वजह से अस्पताल में भर्ती हुए हैं। यहां चिकित्सकों द्वारा इलाज किया जा रहा है लेकिन बिजली नहीं आने से गर्मी से बहुत ज्यादा परेशान हैं। पंखा-कूलर कुछ भी नहीं चल पा रहे हैं। हमारे परिजन ही हाथों से पंखे की हवा कर गर्मी से राहत देने की जद्दोजहद कर रहे हैं। यहां इनवर्टर या जनरेटर की भी कोई सुविधा नहीं है।