Tuesday, May 12निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

नींव में भरा पानी, मकानों की दीवारों में आई दरारें

  • ग्राम पंचायत पर लापरवाही का आरोप, मुआवजा देने की मांग
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    देर रात हुई बारिश के बाद जिला मुख्यालय की निकटवर्ती ग्राम पंचायत दो केएनजे की आईटीआई कॉलोनी में बने मकानों की नींव में पानी भरने से दीवारों में दरारें आ गर्इं। दरअसल ग्राम पंचायत की ओर से नाली निर्माण के लिए मकानों की दीवारों के साथ गड्ढा खोदा गया था। लेकिन अभी तक नाली का निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया। इस कारण मंगलवार देर रात हुई बारिश का पानी इस गड्ढे के जरिए नींव में भरने से मकान में बने कमरों की दीवारों में दरारें आ गई। मकान मालिकों ने ग्राम पंचायत पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मुआवजा दिलाने की मांग की। ग्राम पंचायत दो केएनके आईटीआई कॉलोनी निवासी सुरेन्द्र कुमार ने बताया कि उसका मकान दो केएनजे ग्राम पंचायत घर के बिल्कुल पास है। ग्राम पंचायत ने गली में सड़क व नाली का निर्माण करवाने के लिए उसके मकान की दीवार के साथ कुछ दूरी तक गड्ढा खोद दिया है। लेकिन गड्ढा खोदने के करीब 8-10 दिन बाद भी कोई सुध नहीं ली गई। नाली का निर्माण अभी तक शुरू नहीं किया गया। मंगलवार को ही ग्राम पंचायत सरपंच से मिलकर कहा गया था कि बारिश का मौसम है। जल्द नाली व सड़क का निर्माण करवा दिया जाए ताकि उसके मकान को नुकसान न हो। लेकिन रात्रि को हुई बारिश के बाद अन्य घरों व गली का पानी इस गड्ढे के जरिए उसके मकान की नींव में घुस गया। इस कारण मकान में बने कमरे की दीवारों में दरारें आ गर्इं। सुरेन्द्र कुमार के अनुसार उसने बुधवार अल सुबह करीब 4 बजे उठकर देखा तो बारिश का पानी उसके मकान की नींव में भर रहा था। अगर वह उस पानी को बंद नहीं करता तो उसके मकान में बने अन्य कमरों को भी नुकसान होने की आशंका थी। ग्राम पंचायत की लापरवाही के कारण उसे यह नुकसान हुआ है। अगर अब तक नाली का निर्माण कार्य हो जाता तो नुकसान होने से बच सकता था। लालचन्द पुत्र नेतराम निवासी वार्ड 5, दो केएनजे ने बताया कि उसके मकान के साथ भी गड्ढे खोदने से बारिश का पानी नींव में घुसने से मकान की दीवारों में दरारें आ गर्इं। वह आर्थिक रूप से इतना सक्षम नहीं है कि अपना मकान बना सके। उन्होंने प्रशासन से नुकसान का मुआवजा दिलवाने की मांग की। उधर, ग्रामीण लालचन्द ने नुकसान का मुआवजा दिलाने व दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग को लेकर तहसीलदार को ज्ञापन भी सौंपा। तहसीलदार ने तत्काल जांच के आदेश दिए।