Friday, May 15निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

जयपुर में आज वसुंधरा राजे खेमे का जमावड़ा

जयपुर

पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और उनके समर्थकों का जयपुर में जमावड़ा लग रहा है। साथ ही नए सियासी समीकरणों की आहट भी शुरु हो गई है। क्योंकि भैरों सिंह शेखावत के दामाद नरपत सिंह राजवी भी स्पेशल गेस्ट के तौर पर मंच साझा करेंगे। ये वहीं राजवी हैं जिन्होंने पिछली वसुंधरा राजे सरकार के दौरान भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे। मौका है पूर्व उप-राष्ट्रपति और राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री रहे स्वर्गीय भैरों सिंह शेखावत के जीवन पर आधारित पुस्तक ‘धरतीपुत्र भैरों सिंह शेखावत’ के विमोचन का। पुस्तक की लॉन्चिंग से पहले इसके राजनीतिक पहलुओं को लेकर प्रदेश में सियासी चर्चाएं छिड़ गई हैं।

विधानसभा चुनाव से डेढ़ साल पहले वसुंधरा राजे खेमे के कई नेता और समर्थक इस कार्यक्रम में जुटेंगे। जयपुर के बिड़ला ऑडिटोरियम में शाम 6 बजे राजे इस पुस्तक का विमोचन करेंगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजस्थान विधानसा के पूर्व अध्यक्ष और बीजेपी विधायक कैलाश मेघवाल करेंगे। स्पेशल गेस्ट के तौर पर विधायक और पूर्व मंत्री नरपत सिंह राजवी और पूर्व मंत्री राजपाल सिंह शेखावत मौजूद रहेंगे। माना जा रहा है कई मौजूदा और पूर्व बीजेपी विधायक, पूर्व सांसद भी कार्यक्रम में मौजूद रहकर सियासी और सामाजिक संदेश देंगे।