Tuesday, May 12निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

एक बार तुम एक बार मैं ने डूबाई राजस्थान की लुटिया

  • गांव अमरसिंहवाला में आम आदमी पार्टी कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    आम आदमी पार्टी कार्यकर्ता सम्मेलन अभियान के तहत बुधवार देर शाम को पीलीबंगा विधानसभा क्षेत्र के गांव अमरसिंहवाला में सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र की समस्याओं पर चर्चा की। सम्मेलन के अध्यक्ष निवर्तमान जिलाध्यक्ष सुरेंद्र बेनीवाल ने अपने संबोधन में कहा कि इस क्षेत्र में सिंचाई पानी एवं पेयजल की कमी से कई दिनों से लोगों को दो-चार होना पड़ रहा है। पानी के अभाव में बिजाई नहीं हो पा रही है। हरे चारे की कमी से पशुपालक चिंतित हैं। 14 से 16 घंटे तक बिजली कट लग रहे हैं। अनुसूचित जाति-जनजाति के लोगों को समाज कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं का लम्बे समय से लाभ नहीं मिल रहा है। जब भी अधिकारी से मिलते हैं एक ही बात हर बार दोहराई जाती है कि बजट नहीं है। डीजल के दाम लगातार बढ़ने से कुओं से सिंचाई करना नामुमकिन हो गया है। पेट्रोल-डीजल, घरेलू गैस एवं खाने-पीने की चीजें, सब्जियां, फल आदि के लगातार बढ़ते दामों ने हर आदमी को मुसीबत में डाल दिया है। किसान लगातार कर्ज बढ़ने से परेशान है। कर्ज माफी का वादा कर सत्ता पाने वाले चुनाव जीतने के बाद किसान को भूल चुके हैं। लाखों बेरोजगारों से करोड़ों रुपए फीस वसूलने के बाद भी गहलोत सरकार कोई भी भर्ती प्रक्रिया पूरी नहीं कर पाई है। बेरोजगारों के साथ लगातार छल किया जा रहा है। नरेगा कार्य लम्बे समय से बंद पड़ा है। गरीबों को दो जून की रोटी के लिए भी जंग लड़नी पड़ रही है। आसपास में कोई उद्योग नहीं होने से मजदूरी भी नहीं मिल रही है। निराश्रित पशु भूख प्यास से तड़प कर मर रहे हैं। स्थानीय जनप्रतिनिधि कहीं भी दिखाई नहीं दे रहे हैं। आज राजस्थान में सबसे महंगी बिजली देने के साथ ही गहलोत ग्रामीण क्षेत्रों में फ्री पानी देने का वादा भूल गए। दस दिन में कर्ज माफ करने वाली कांग्रेस एवं केन्द्र में सत्तारूढ़ भाजपा दोनों ने मिलकर राजस्थान को गर्त में धकेल दिया। इन दोनों पार्टियों के एक बार तुम एक बार मैं ने राजस्थान की लुटिया डूबोकर रख दी है। एक ओर दिल्ली और पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकारों ने जनता के लिए राहत का पिटारा खोल रखा है वहीं दूसरी ओर कांग्रेस एवं भाजपा दोनों ही लूटने में लगी हैं। आगामी विधानसभा चुनावों में इन दोनों पार्टियों को जनता सबक सिखाएगी। इस मौके पर सुभाष बोगिया, मदनलाल, अमनप्रीत सिंह, राजेश, गोविंद, श्रवण, अमरचंद, धनसुख, अमीलाल, मोहनलाल, बनवारी, गगनदीप, साहबराम, देवीलाल, कानाराम, हरबंस, सुनील आदि मौजूद रहे।