Tuesday, May 12निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

पानी की सप्लाई न होने से नाराज ग्रामीणों ने दिया सांकेतिक धरना

हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। घरों में पेयजल की सप्लाई न होने के विरोध में गांव कोहला के ग्रामीणों ने शुक्रवार को गांव के वाटर वर्क्स में सांकेतिक धरना देकर नारेबाजी की। ग्रामीणों ने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों से वंचित घरों तक पेयजल सप्लाई करने की मांग की। इस मौके पर ग्रामीणों ने बताया कि गांव कोहला के वार्ड नम्बर 5 में ओम ज्याणी के घर से तुलछाराम भाट के घर तक पेयजल सप्लाई के लिए 90 और 110 एमएम पाइप बिछी हुई है। परंतु पाइप का लेवल सही नहीं होने के कारण पानी नहीं पहुंचने से करीब 30 परिवार प्रभावित हो रहे हैं। कई बार विभाग के कर्मचारियों को अवगत करवाया जा चुका है। 17 मई को पीएचईडी के एक्सईएन को ज्ञापन सौंपा गया था परंतु अभी तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। उन्होंने मांग की कि पाइप लाइन का लेवल सही करवा पेयजल की आपूर्ति सुचारू की जाए। उधर, सूचना मिलने पर पीएचईडी के अधिकारी मौके पर पहुंचे और समस्या समाधान का आश्वासन दिया। इस पर ग्रामीणों ने धरना उठा लिया। इस मौके पर भजनलाल, लक्ष्मण, महेन्द्र रोझ, श्योपत जाखड़, सत्यनारायण टाक, मंगतू यादव, विनोद सुथार, कैलाश टाक, तुलछाराम भाट, प्रेम यादव सहित कई ग्रामीण मौजूद थे। वहीं सरपंच पति नेतराम ने बताया कि ग्रामीणों को समस्या का सामना करना पड़ रहा है। पीएचईडी अधिकारी सुनवाई नहीं कर रहे। पाइप लाइन बिछाने के लिए एनओसी मांगी गई लेकिन एनओसी नहीं दी।