Tuesday, May 12निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

गांव के पास हड्डारोडी स्थानांतरित करने से रोष

  • आबादी क्षेत्र से दूर हड्डारोडी स्थानांतरित करने की मांग, गांव कोहला के ग्रामीणों ने सौंपा ज्ञापन
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    गांव से चिपती जगह पर हड्डारोडी स्थानांतरित किए जाने से गांव कोहला के ग्रामीणों में रोष है। उन्होंने हड्डारोडी को आबादी क्षेत्र से दूर स्थानांतरित करने की मांग की है। इस संबंध में शुक्रवार को गांव में लगे प्रशासन गांवों के संग अभियान के शिविर के दौरान ग्रामीणों ने नायब तहसीलदार दानाराम मीणा को ज्ञापन सौंपा। सरपंच पति नेतराम के नेतृत्व में ग्रामीणों ने ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि जिला कलक्टर की ओर से मार्च में आदेश पारित कर जंक्शन में नवां बाइपास से समूचे हनुमानगढ़ की हड्डारोडी को ग्राम पंचायत कोहला की आबादी के चिपते 19 एचएमएच में पश्चिम दिशा में पंचायत की 10 बीघा भूमि में से 6 बीघा भूमि पर स्थानांतरित कर दिया गया है। लेकिन हड्डारोडी के विस्थापन के लिए ग्राम पंचायत कोहला व ग्रामीणों की लिखित में किसी प्रकार की सहमति नहीं ली गई। यदि इस जगह पर हड्डारोडी रहती है तथा मृत पशुओं को डाला जाता है तो आसपास की समस्त आबादी भयंकर बीमारियों की चपेट में आ जाएगी। वहां के निवासियों का रहना दूभर हो जाएगा। इसके अलावा हड्डारोडी के कारण जंगली कुत्तों व अन्य जानवरों का जमावड़ा होने से किसी भी प्रकार की अनहोनी से इनकार नहीं किया जा सकता। हड्डारोडी के चिपते कृषि भूमि के भूमिधारियों के लिए काश्त का संकट पैदा हो जाएगा। हड्डारोडी को गांव के पास स्थानांतरित करने से ग्रामीणों में अत्यंग रोष है। हड्डारोडी के लिए यह जगह किसी भी प्रकार से उपयुक्त नहीं है। इसे व्यापक जनहित के मद्देनजर आबादी क्षेत्र से दूर उपयुक्त स्थान पर स्थापित किया जाना आवश्यक है। उन्होंने हड्डारोडी को अन्यत्र व आबादी क्षेत्र से दूर किसी उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने के आदेश देने की मांग की। इस मौके पर हरीराम, सुभाष, कालूराम, महावीर प्रसाद, सुरेन्द्र कुमार, पवन मोर्य, मनीराम सहित कई ग्रामीण मौजूद थे।