जांच अधिकारी ने सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्य किए एकत्रित
by seemasandesh
जिला अस्पताल में भर्ती महिला के साथ दो मेल नर्स की ओर से सामूहिक दुष्कर्म करने का मामला हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। जहर सेवन के बाद अचेत अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती करवाई गई महिला के साथ दो मेल नर्स की ओर से सामूहिक दुष्कर्म करने के संबंध में गुरुवार रात महिला पुलिस थाना में दर्ज हुए मामले की जांच पुलिस ने शुरू कर दी है। शुक्रवार को जांच अधिकारी डीएसपी प्रशांत कौशिक ने टाउन के राजकीय जिला चिकित्सालय पहुंच सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सहित अन्य साक्ष्य एकत्रित किए। साथ ही अस्पताल स्टाफ से पूछताछ की। हालांकि अभी पीड़िता बयान देने की हालत में नहीं है। पुलिस उसके स्वास्थ्य में सुधार होने का इन्तजार कर रही है। डीएसपी प्रशांत कौशिक ने बताया कि गुरुवार रात्रि को महिला पुलिस थाना में जिला अस्पताल के दो मेल नर्स के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म के आरोप में मामला दर्ज हुआ है। पीलीबंगा क्षेत्र की पीड़िता महिला के पति ने मुकदमा दर्ज करवाया है कि उसकी पत्नी ने गत दिनों जहर का सेवन कर लिया था। हालत गंभीर होने पर उसे पहले पीलीबंगा के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र व वहां से टाउन के राजकीय जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल के ट्रोमा सेंटर व आईसीयू में महिला का उपचार चला। जिला अस्पताल में हालत में कुुछ सुधार होने पर परिजन उसे हायर सेंटर ले गए। इस दौरान महिला के पति ने डाक के जरिए रिपोर्ट भेजी। उसमें आरोप लगाया है कि जिला अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान दो मेल नर्स ने उसकी पत्नी के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पीड़िता अभी पूरी तरह से होश में नहीं है। उसके होश में आने का इन्तजार किया जा रहा है। उससे अनुसंधान किया जाएगा। जांच के क्रम में शुक्रवार को जिला अस्पताल पहुंच सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सहित अन्य साक्ष्य एकत्रित किए गए हैं। मुकदमे में अनुसंधान आरंभ कर दिया गया है। अभी अनुसंधान की प्रारंभिक स्टेज है। पीड़िता के बयान देने योग्य हालत में होने का इन्तजार किया जा रहा है। बयान होने के बाद ही अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन किया जा रहा है।