Friday, May 15निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

14 घंटे मजदूरी कर रहे 10 नाबालिग कराए मुक्त:बिना पंखे के टीन के कमरे में बंद थे बच्चे, दो आरोपी गिरफ्तार

जयपुर

मानव तस्करी विरोधी यूनिट और शास्त्री नगर थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए चूड़ी कारखाने में काम करवाने के मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया हैं। पुलिस ने यहां से दस नाबालिग बच्चों को मुक्त करवाया हैं। पुलिस पूछताछ में बच्चों ने बताया कि उन्हें देर तक काम करना पड़ता था। भरपेट भोजन भी नहीं मिलता था। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। डीसीपी (उत्तर) परिस देशमुख ने बताया कि मानव तस्करी विरोध यूनिट टीम को सूचना मिली थी कि शास्त्री नगर में सुदामापुरी में चूड़ी कारखाने में बच्चों से काम करवाया जा रहा है। इस पर पुलिस टीम का गठन किया। टीम ने दबिश देकर चूड़ी कारखाने में काम कर रहे दो आरोपियों को पकड़ लिया। पुलिस ने वहां काम कर रहे दस बच्चों को भी मुक्त करवाया।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी नवेद आलम (20) पुत्र नोमान कटिहार बिहार और मोहम्मद शाकिब (29) पुत्र मोहम्मद रकीबुल कटिहार बिहार का रहने वाला हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपी कई दिनों से बच्चों से चूड़ी बनाने का काम कर रहे थे।

पुलिस जब दबिश देने पहुंची तो कई बच्चे काम करते हुए पाए गए। बच्चों की चूड़ी बनाने के काम को देखकर एक बार तो पुलिस भी दंग रह गई। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि बच्चों से 12 से 14 घंटे तक काम करवाया जा रहा था। यहां तक कि उन्हें ना तो भरपेट भोजना और ना नाश्ता दिया जा रहा था। पुलिस इसके साथ ही यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बच्चे कितने दिनों से यहां काम कर रहे थे। क्या पैसा देकर बच्चों का यहां पर लाया जाता है। सभी बच्चों का मेडिकल कराया गया जिससे उनके स्वास्थ्य और उम्र की पूरी जानकारी मिल सके।