चंडीगढ़
कांग्रेस ने बीते दिनों उदयपुर में तीन दिनों का चिंतन शिविर आयोजित किया था। इसमें पार्टी के बड़े नेता शामिल हुए और 2024 आम चुनाव के लिए रणनीति तैयार की गई। चिंतन शिविर के आखिरी दिन राहुल गांधी ने क्षेत्रीय पार्टियों को लेकर बयान दिया था कि भाजपा को हराना रीजनल पार्टी के बस की बात नहीं है। इस बयान के बाद कांग्रेस के अलग-थलग पड़ने के कयास भी लगाए जा रहे थे। दूसरी तरफ अब तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव कांग्रेस को अलग छोड़कर क्षेत्रीय दलों के साथ मिलकर अलग मोर्चा बनाने की तैयारी में हैं।
केसीआर अब शनिवार को दिल्ली पहुंचे थे। उन्होंने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से मुलाकात की और शिक्षा व्यवस्था की तारीफ की। अब वह पंजाब पहुंचकर किसान आंदोलन के दौरान जिन किसानों की जान गई है, उनके परिवारों से मिलने वाले हैं। अधिकारियों ने यह भी बताया कि मृतक किसानों के परिवारों को वह 3 लाख रुपये की मदद भी देंगे। उनके साथ दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवल और पंजाब के सीएम भगवंत मान रहेंगे।