Wednesday, June 10निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

चांदना बोले- नजरिए का टकराव आगे भी होता रहेगा:कहा- यू-टर्न नहीं लिया, कोई नया इश्यू आया तो गारंटी नहीं लेता

जयपुर

मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव कुलदीप रांका के खिलाफ मोर्चा खोलकर इस्तीफे की पेशकश करने वाले खेल मंत्री अशोक चांदना के अफसरों से विरोध को लेकर तेवर बरकरार हैं। भास्कर से बातचीत में चांदना ने कहा- मैं बैक नहीं हुआ, मेरा जो इश्यू था उसका समाधान कराकर आया हूं। मैंने एक अफसर का नाम लिया, उससे मतलब नहीं। जो इश्यू उठाया उसका इलाज होगा। मुख्यमंत्री जी से इसे लेकर बात हुई है, इससे पहले भी कई विषय सीएम को बताए हैं। उन्होंने प्यार से एक-एक बात सुनी है, जो मैं कहना चाह रहा था, वह सब सुना है। जब सच उनके पास पहुंच जाता है तो फिर उसका इलाज हो जाता है।

चांदना ने क​हा- मुख्यमंत्री हमारे अभिभावक हैं। किसी एक अफसर की बात नहीं, मैंने जो बात उठाई उसका इलाज होगा। जनता हमें चुनकर भेजती है, जब पब्लिक का काम करने में दिक्कत होती है तो पीड़ा होती है। इसीलिए कांग्रेस परिवार के हमारे मुखिया के पास गया ।

यूटर्न लेने पर कहा- मेरे इश्यू का समाधान हो गया। समाधान हो गया तो बैक होने की तो कोई बात हीं नहीं है। हम भावुक जनता के भावुक लीडर हैं। पब्लिक से मिलते हैं। रोज उनका काम करना होता है। ऐसे मामलों में अफसरों और हमारे नजरिए में अंतर है। यह नजरिए का टकराव है, यह पहले भी होता रहा है और आगे भी होता रहेगा। सीएम के न्याय पर विश्वास है। कल कोई दूसरा इश्यू कहीं हो तो इसकी गारंटी नहीं लेता।