Wednesday, June 10निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

जयपुर एयरपोर्ट पर प्रेस से निकला 1.22 करोड़ का सोना

जयपुर

जयपुर एयरपोर्ट पर 1.22 करोड़ रुपए का सोना पकड़ा गया है। इसे प्रेस (आयरन) में छुपाकर लाया गया था। सोना इतने शातिर तरीके से छुपाया गया कि उसे बाहर निकालने के लिए कस्टम की टीम को हथौड़े और आरी की मदद लेनी पड़ी। टीम ने आधे घंटे की कोशिश की और इस पूरी प्रोसेस का वीडियो भी बनाया। इस वीडियो में पहली बार यह दिखाया गया किस तरह कस्टम की टीम मौके पर ही तस्करी कर लाया जा रहा सोना जब्त करती है।

असिस्टेंट कमिश्नर भारत भूषण अटल ने बताया कि शारजाह की फ्लाइट 767 से रविवार सुबह प्रकाश राव नाम का यात्री जयपुर पहुंचा था। संदिग्ध दिखने पर उसकी जांच की गई। एक्स-रे के दौरान उसके बैग में मेटल की संदिग्ध वस्तु नजर आई। सवाल करने पर वह जवाब नहीं दे पाया। इसके बाद उसका बैग खोला गया। इसमें प्रेस (आयरन) रखी हुई थी। जैसे ही हमारी टीम ने प्रेस को खोला। उसमें प्रेशर प्लेट 2 किलो 333 ग्राम गोल्ड की बनी लगी थी। इसकी बाजार कीमत 1 करोड़ 22 लाख 41 हजार 950 रुपए है।