जयपुर
जयपुर के राजापार्क में शनिवार देर रात ICICI बैंक के ATM लूट का प्रयास किया गया। बूथ मे घुसा बदमाश लोहे के सरिए से ATM तोड़ने लगा। ATM से आ रही आवाज सुनकर पड़ोसी युवक ने घर से बाहर आ गया। ATM पर आने पर उसे देखकर बदमाश वहां से भाग निकला। शोर मचाकर लोगों ने उसका पीछा भी किया, लेकिन वह हाथ नहीं लगा। जवाहर नगर थाना पुलिस ATM बूथ में लगे CCTV फुटेजों को खंगालने के साथ बदमाश की तलाश कर रही है। वारदात के समय ATM में लाखों रुपए रखे थे। ATM नहीं टूटने से रुपए लूटने से बच गए।
एसएचओ पन्ना लाल मीना ने बताया कि राजापार्क में गली नंबर-4 में ICICI बैंक का ATM लगा है। ATM पर सुरक्षा गार्ड और लाइट नहीं लगी हुई है। शनिवार रात बदमाश ने इसी का फायदा उठाकर ATM को निशाना बनाया। रात करीब 11 बजे ATM में एक बदमाश घुसा। बूथ में लगे कैमरों से छेड़छाड़ कर वहां से निकल गया। करीब आधे घंटे बाद वापस ATM बूथ में घुसा। बदमाश ने लोहे के सरिए की मदद से ATM को तोड़ने का प्रयास किया। ATM के कवर को तोड़ ही रहा था, इसी दौरान पड़ोसी युवक नितेश गुलाटी आवाज सुनकर घर से बाहर आ गया।
ATM को देखने पहुंचा तो उसमें बदमाश तोड़फोड़ करता दिखाई दिया। शोर मचाकर पकड़ने के लिए भागने पर बदमाश तेजी से फरार हो गया। सूचना पर जवाहर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। वारदात की जानकारी लेने के साथ ही ATM बूथ में लगे CCTV फुटेजों को खंगाला। फुटेज में टोपी लगाकर घुसे बदमाश की करतूत कैद हो गई। पुलिस को वारदातस्थल पर लोहे का सरिया मिला है, जिसे जब्त कर लिया गया है।