ग्रामीणों ने जिला कलक्टर को सौंपा ज्ञापन हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। गांव में बन रहे ओवरहेड टैंक का निर्माण किसी सुरक्षित जगह पर करने की मांग को लेकर गांव आदर्शनगर (20 एनडीआर) के ग्रामीणों ने बुधवार को जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने बताया कि गांव आदर्शनगर (20 एनडीआर) में सार्वजनिक निर्माण विभाग की ओर से करीब सौ फीट ऊंची टंकी का निर्माण करवाया जा रहा है। जिस जगह टंकी का निर्माण हो रहा है वह पानी सप्लाई के फिल्टर व पम्प रूम के बिल्कुल नजदीक है। पास में ही पीपल व बरगद के दो बड़े पेड़ लगे हुए हैं। इन पेड़ों की आधी जड़ें व बड़ी-बड़ी टहनियां तो टंकी निर्माण के लिए गड्ढा खोदने के लिए काटी जा चुकी हैं। उन्होंने मांग की कि टंकी का निर्माण कार्य तुरंत प्रभाव से रूकवा अन्य गांव की सुरक्षित जगह पर किया जाए। ग्रामीणों ने पानी से जुड़ी एक और समस्या से अवगत करवाते हुए बताया कि आज तक गांव में कभी भी फिल्टर से शुद्ध करने के बाद पानी की सप्लाई नहीं हुई। नहर से जो पानी आता है वह वैसा ही गांव में सप्लाई कर दिया जाता है। उन्होंने मांग की कि पानी को फिल्टर से शुद्ध करने के बाद ही गांव में सप्लाई किया जाए। इस मौके पर अजय, ओमप्रकाश, सुरेश कुमार, सुरेश टांडी, नानकराम, विजयसिंह, बनवारी सहित कई ग्रामीण मौजूद थे।