श्रीगंगानगर
जिले के श्रीकरणपुर क्षेत्र के गांव दो एफएफ में रविवार को गाेली चलने से युवक घायल हो गया। उसे तत्काल श्रीगंगानगर के एक प्राइवेट अस्पताल में में लाया गया, जहां उसका उपचार किया जा रहा है। युवक कारपेंटर का काम करता है तथा वह अपने दो साथियों के साथ गांव दो एफएफ के एक खेत में कारपेंटर के कार्य के रुपए लेने गए थे। इसी दौरान गोली चलने से युवक घायल हो गया।
नील गाय को डराने के लिए चलाई थी गोली
प्राप्त जानकारी के अनुसार युवक जगदीप सिंह गांव 15ईईए का रहने वाला है। वह अपने दो अन्य साथियों के साथ गांव दो एफएफ की तरफ गया था। उसके एक साथी को इसी गांव के एक खेत में किसी से कारपेंटर के काम की मजदूरी के रुपए लेने थे।
जिस खेत में घटना हुई वहां जगदीप और उसके अन्य साथी को छोड़कर तीसरा साथी रुपए लेने के लिए खेत में चला गया। इस इलाके में नीलगाय बहुतायत से है। ऐसे में किसी ने नीलगाय को डराने कें लिए गोली चलाई और यह जगदीप को लग गई।
प्राइवेट अस्पताल में करवाया भर्ती
घायल जगदीप को आसपास के लोगों ने संभाला तथा उसे उपचार के लिए श्रीगंगानगर के प्राइवेट अस्पताल में लेकर आए। यहां पुलिसकर्मियों ने उसके साथ आए लोगों से मामले की जानकारी ली। पुलिस इस मामले में जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार युवक को कंधे नीचे की तरफ गाेली लगी है तथा यह गोली नील गाय को डराने के लिए चलाई गई थी।