Wednesday, May 13निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

फाटक गोशाला में टंकी निर्माण के लिए दिया आर्थिक सहयोग

हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। महिला सत्संग मंडल की ओर से पानी की टंकी के निर्माण के लिए टाउन की बरकत कॉलोनी स्थित फाटक गोशाला में शनिवार को एक लाख 21 हजार रुपए का आर्थिक सहयोग दिया गया। मंडल सदस्यों ने विमला करवा के नेतृत्व में यह राशि फाटक गोशाला के संस्थापक मुरलीधर गर्ग को सौंपी। मंडल सदस्यों की ओर से टंकी निर्माण की नींव भी रखी गई। इस दौरान मंडल सदस्यों ने गोशाला में बीमार गोवंश के लिए किए जा रहे कार्य की सराहना की। गोशाला के संस्थापक मुरलीधर गर्ग ने बताया कि टाउन की बरकत कॉलोनी स्थित फाटक गोशाला में बीमार गोवंश की सेवा की जाती है। यह गोशाला, हॉस्पिटल का रूप है। करीब 40 किलोमीटर के क्षेत्र से बीमार गोवंश को फाटक गोशाला में लाकर देखभाल की जाती है। फाटक गोशाला में हॉस्पिटल के भवन का निर्माण कार्य चल रहा है। नगर परिषद की ओर से हॉस्पिटल में हॉल निर्माण के लिए 25 लाख रुपए का सहयोग दिया। शेष कार्य जनसहयोग से करवाया जा रहा है। फाटक गोशाला में नई पहल की गई है। इसके तहत किसी व्यक्ति के घर में शादी की सालगिरह, जन्मदिन सहित खुशी के अन्य मौकों पर फालतू खर्च करने की बजाए गोशाला में आकर गोमाता की पूजा की जाती है। गोवंश की सेवा की जाती है। श्रद्धा के अनुसार दान भी दिया जाता है। उन्होंने बताया कि इस पहल के तहत गोशाला में अब तक करीब 8 से 10 शादी की सालगिरह व जन्मदिन के कार्यक्रम हो चुके हैं। उन्होंने गोशाला में अधिकाधिक जनसहयोग करने का आह्वान किया। इस मौके पर निर्मला हिसारिया, रेखा चाचाण, उषा, पुष्पा हिसारिया, सुनीता हिसारिया, मधु, भीखी देवी करवा, आशा, चन्द्रकांता, आशा सरावगी, सुलोचना, मीरा तलवाड़िया, रीटा चावला, मीरा पारीक, ललिता खदरिया आदि मौजूद रहे।