4 इंच तक पानी बरसा, टेंट उड़ा; बिजली सब स्टेशन पर पेड़ गिरा, अंधेरा छाया जयपुर। राजस्थान में 45 डिग्री सेल्सियस की तेज गर्मी और हीटवेव से परेशान लोगों के लिए अच्छी खबर है। शनिवार देर रात से राज्य में प्री-मानसून की बारिश की शुरूआत हो गई है। उदयपुर, कोटा, जोधपुर और अजमेर संभाग के 9 जिलों में बीती रात से रविवार सुबह तेज बरसात हुई। इससे कई इलाके तरबतर हो गए। बांसवाड़ा के गढ़ी में सबसे ज्यादा 115टट (4 इंच से ज्यादा) बरसात हुई। उदयपुर के सलूम्बर में भी 100टट से ज्यादा बारिश हुई। मौसम विभाग की माने तो अगले 2-3 दिन उदयपुर, कोटा और अजमेर संभाग के 14 जिलों में प्री-मानसून में अच्छी बारिश होने की संभावना है। जयपुर मौसम केन्द्र के मुताबिक शनिवार रात बांसवाड़ा, डूंगरपुर, उदयपुर, पाली, राजसमंद, बारां, चित्तौड़गढ़, कोटा, बूंदी के 15 से ज्यादा इलाकों में बारिश हुई। उदयपुर के गढ़ी, सलूम्बर, खेरवाड़ा, गोगुंदा, सरेरा, राजसमंद के देवगढ़, कुंभलगढ़, बांसवाड़ा के दानपुर, जगपुरा, बारां के अटरू में बारिश हुई। चित्तौड़गढ़ के बेंगू, कोटा के दीगोद, बूंदी के पाटन और पाली के तखतगढ़ समेत कई जगह 1टट से लेकर 115टट तक बरसात हुई। बरसात से डूंगरपुर, बांसवाड़ा, उदयपुर के कई ग्रामीण इलाकों में खेत पानी से भर गए। वहीं, लम्बे समय से सूखे पड़े बरसाती नालों में पानी बहने लगा। पीने के पानी की किल्लत से परेशान पाली जिले के मारवाड़ जंक्शन में भी 19टट बारिश हुई, जिससे लोगों को राहत मिली। आंधी से कई जगह नुकसान देर रात हुई बारिश से पहले आंधी चली, जिससे कई जगह नुकसान भी हुआ। करीब 40ङट स्पीड से तेज हवा चलने के कारण बांसवाड़ा के कुशलबाग मैदान में चल रहे मैंगो फेस्टिवल के टेंट उड़ गए। कुशल बाग जीएसएस पर पेड़ गिरने से इलाके की बिजली गुल हो गई। वहीं भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, उदयपुर में भी तेज हवा चली। अब आगे क्या? जयपुर मौसम केन्द्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि 15 जून तक राजस्थान के दक्षिणी-पूर्वी हिस्से में मौसम ऐसा ही बना रहने की संंभावना है। उन्होंने बताया कि रविवार को बारां, कोटा, सवाई माधोपुर, प्रतापगढ़, उदयपुर, चित्तौड़गढ़, बांसवाड़ा, डूंगरपुर के अलावा पाली, जालोर, नागौर, जोधपुर, टोंक, भीलवाड़ा, राजसमंद समेत कई जगहों पर बादल छाने के साथ तेज हवा चलने और बारिश होने की संभावना है। अगले 3 दिनों का फोरकास्ट 13 जून को बारां, कोटा, सवाई माधोपुर, प्रतापगढ़, उदयपुर, चित्तौड़गढ़, बांसवाड़ा, डूंगरपुर के अलावा जयपुर, अलवर, भरतपुर, धौलपुर और दौसा जिलों में भी मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। वहीं जालोर, पाली, नागौर जिलों में भी बारिश हो सकती है। 14 जून को कोटा, बूंदी, झालावाड़, बारां, बांसवाड़ा, डूंगरपुर, उदयपुर, प्रतापगढ़, और चित्तौड़गढ़ में बारिश-आंधी हो सकती है। 15 जून को बारां, कोटा, सवाई माधोपुर, बांसवाड़ा और प्रतापगढ़ जिले में बारिश होने की संभावना है।