Tuesday, May 12निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

नशीली टेबलेट बरामद, महिला गिरफ्तार

  • डीएसटी के सहयोग से जंक्शन पुलिस की कार्रवाई
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    जंक्शन पुलिस ने शनिवार रात जिला विशेष दल के सहयोग से एनडीपीएस एक्ट की कार्रवाई करते हुए नशीली टेबलेट बरामद कर एक महिला को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अधेड़ उम्र की महिला मूलत: हरियाणा के हिसार की रहने वाली है जो इस समय जंक्शन थाना क्षेत्र के सुरेशिया में अपने ससुर का मकान किराए पर लेकर रह रही थी। पुलिस मुकदमा दर्ज कर जांच में जुटी है। जानकारी के अनुसार जंक्शन पुलिस थाना की एसआई विशु वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम शनिवार रात गश्त कर रही थी। गश्त के दौरान जिला विशेष दल की सूचना पर पुलिस टीम सुरेशिया को जाने वाली रोड पर स्थित डीएवी कॉलेज के सामने पहुंची तो वहां खड़ी एक महिला पुलिस टीम को देख छिपने का प्रयास करने लगी। शक होने पर पुलिस टीम ने महिला को रूकवा तलाशी ली तो उसके पास से अल्प्राजोलम की 1250 नशीली टेबलेट थी। पुलिस ने नशे में इस्तेमाल होेने वाली टेबलेट बरामद कर मौके से महिला को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार महिला की पहचान शकुन्तला (45) पत्नी मुखत्यार सिंह भाट निवासी दुर्गा कॉलोनी बागढ़ लाइन के पास हिसार हाल किराए का मकान ससुर गुरदयाल सिंह सौ फुटी रोड मोचियों का मोहल्ला वार्ड 56, सुरेशिया, जंक्शन के रूप में हुई। पुलिस ने महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच टाउन थाना की एसआई शालू बिश्नोई कर रही हैं। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में महिला ने नशीली टेबलेट हरियाणा के हांसी से खरीदकर लाने की बात स्वीकारी है।