Friday, May 15निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

बस में बैठा रखी थी क्षमता से अधिक सवारियां, काटा चालान

  • हेलमेट न पहनने वाले दुपहिया वाहन चालकों के खिलाफ भी की कार्रवाई
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    सड़क पर यातायात नियमों की पालना न करना वाहन चालकों को भारी पड़ रहा है। ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ यातायात पुलिस की ओर से लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सोमवार को यातायात पुलिस की ओर से ट्रेफिक इंचार्ज अनिल चिन्दा के नेतृत्व में जंक्शन में श्रीगंगानगर रेलवे फाटक के पास नाका लगाया गया। इस दौरान हेलमेट न पहनने वाले दुपहिया वाहन चालकों के अलावा कागजातों में कमी पर चालान व वाहन को सीज करने की कार्रवाई की गई। वहीं क्षमता से अधिक व छत्त पर सवारियां बैठाने पर एक बस का भी चालान किया गया। यातायात प्रभारी अनिल चिन्दा ने बताया कि ट्रेफिक नियमों की पालना में जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार पूरे जिले में अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत यातायात नियमों की पालना नहीं करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सोमवार को जंक्शन में श्रीगंगानगर रेलवे फाटक के पास नाका लगाया गया। ऐसे दुपहिया वाहन चालक जिन्होंने हेलमेट नहीं पहना था, उनके खिलाफ कार्रवाई की गई। इसके अलावा ऐसी बसें जिनमें क्षमता से अधिक सवारी भरी हुई थी, उनके खिलाफ भी कार्रवाई की गई। इस दौरान एक निजी कंपनी की बस जिसमें क्षमता से अधिक सवारियां भरी हुई थीं। कुछ सवारियां छत्त पर भी बैठा रखी थी। इस पर बस का चालान किया गया। यातायात प्रभारी चिन्दा ने आमजन से आग्रह किया कि वे यातायात नियमों की पालना करें ताकि स्वयं के साथ दूसरों को सुरक्षित रख सकें। बसों में भी क्षमता से अधिक सवारियां न बैठाएं। सीट के मुताबिक ही सवारियां बैठाएं। साथ ही कहा कि अगर कहीं पर भी कोई दुर्घटना होती है तो पीड़ित और गंभीर व्यक्ति के लिए मददगार बनें। दुर्घटनास्थल पर घायल की वीडियोग्राफी करने की बजाए मानवता का परिचय देते हुए उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाएं ताकि उसकी जान बचाई जा सके। उन्होंने बताया कि सरकार की ओर से भी जीवन रक्षक योजना शुरू की गई है। इसके तहत जो व्यक्ति हादसे में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की मदद करता है तो उसे पांच हजार रुपए इनाम स्वरूप और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाता है।