कोर्ट में बेहोश हुई पति की हत्या के आरोप में गिरफ्तार पत्नी
by seemasandesh
पुलिस ने करवाया अस्पताल में भर्ती, कोर्ट ने मां-बेटे को जेल भेजने के दिए आदेश
पुलिस ने बरामद की हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। गांव भौमपुरा में गृह क्लेश में हुई अधेड़ उम्र के शख्स की हत्या के मामले में गिरफ्तार मृतक की पत्नी गुरुवार को न्यायालय में बेहोश होकर गिर गई। पुलिस कर्मी उसे तत्काल जंक्शन की कैनाल कॉलोनी के राजकीय चिकित्सालय लेकर गए। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद महिला को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में महिला को भर्ती कर उसका उपचार शुरू किया गया। जानकारी के अनुसार टाउन पुलिस ने रामरतन मेघवाल (50) पुत्र पतराम मेघवाल निवासी वार्ड 5, गांव भौमपुरा की हत्या के आरोप में बुधवार को मृतक रामरतन के पुत्र भजनलाल और मृतक की पत्नी रेशमा देवी को गिरफ्तार किया। गुरुवार दोपहर को पुलिस मां-बेटे को कोर्ट में पेश करने के लिए जंक्शन स्थित जिला न्यायालय परिसर में लेकर आई। तभी अचानक आरोपी रेशमा देवी कोर्ट परिसर में बेहोश होकर गिर गई। इससे मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों के हाथ-पांव फूल गए। पुलिस कर्मियों ने उसे तत्काल पुलिस जीप के जरिए जंक्शन की कैनाल कॉलोनी स्थित राजकीय अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल प्रभारी डॉ. इन्द्रसेन झाझड़ा ने जांच की तो रेशमा देवी का ब्लड प्रेशर डाउन था तथा वह कोमा की हालत में थी। उचित इलाज के लिए प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल प्रभारी ने रेशमा देवी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। रेशमा देवी को 108 एम्बुलेंस के जरिए जिला अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने भर्ती कर इलाज शुरू किया। जांच अधिकारी एसआई पूर्णसिंंह ने बताया कि आरोपी भजनलाल और रेशमा देवी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी बरामद कर ली है। गुरुवार को न्यायालय में पेश करने पर मजिस्ट्रेट ने मां-बेटे को न्यायिक अभिरक्षा में भेजने के आदेश दिए। इस पर आरोपी भजनलाल को जेल भिजवा दिया गया है। मृतका की पत्नी रेशमा देवी का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। अस्पताल से छुट्टी मिलने पर उसे भी जेल भिजवाया जाएगा। पुलिस की जांच में गृह क्लेश में हत्या किए जाने की बात सामने आई है।