Tuesday, May 12निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

राजस्थान के 16 जिलों में बारिश, आधा जयपुर भीगा:सूखे पड़े बीकानेर समेत 4 शहरों में झमाझम, 13 जिलों में बरसात का अलर्ट

जयपुर

राजस्थान में 24 घंटे में 16 जिलों में बारिश हुई। प्री-मानसून में अब तक सूखे रहे गंगानगर,बीकानेर, हनुमानगढ़ और चूरू में शुक्रवार रात तेज बरसात हुई। दक्षिण-पूर्वी राजस्थान के जिलों में भी बादल खूब मेहरबान हुए। इसके साथ ही सवाई माधोपुर, भरतपुर, अलवर, धौलपुर समेत 5 जिलों में 3-3 इंच तक बरसात हुई। मौसम विभाग ने 13 जिलों में अगले 4 दिन बारिश का अलर्ट जारी किया है।

मौसम विशेषज्ञों ने बताया कि प्री-मानसून की बारिश का ये दौर अगले 3-4 दिन और जारी रहेगा। भरतपुर संभाग (भरतपुर, करौली, सवाई माधोपुर, धौलपुर), कोटा संभाग (कोटा, बूंदी, बारां, झालावाड़) के कुछ हिस्सों में अगले 48 घंटे के दौरान तेज बारिश भी हो सकती है।

आधे जयपुर में बारिश
आज दोपहर 12 बजे से आधे जयपुर में तेज बरसात हुई। जेएलएन मार्ग, टोंक, रोड, सहकार मार्ग, आदर्श नगर, ट्रांसपोर्ट नगर समेत कई एरिया में दिन में 10-15 मिनट तक तेज बारिश हुई। जेएलएन मार्ग पर यूनिवर्सिटी गेट पर तेज बारिश के बाद पानी भरने से पैदल आने-जाने वालों को परेशानी हुई। इधर, चौमूं क्षेत्र के जैतपुरा, हाड़ौता, राधास्वामी बाग, सामोद रोड, पर भी बारिश हुई।

इन जिलों में हुई बरसात
जयपुर, बीकानेर, गंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, अलवर, भरतपुर, धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर, दौसा, बूंदी, बारां, कोटा, झालावाड़ और टोंक।