सीमा सन्देश न्यूज
श्रीगंगानगर। पुरानी आबादी के वार्ड नम्बर 13 में रहने वाले मजदूर, अल्प आय वर्ग परिवारों और वार्ड के लोगों को महंगाई के इस दौर में शादी और पारिवारिक आयोजन करने में परेशानी नहीं होगी। क्योंकि नगरपरिषद द्वारा यहां 30 लाख रुपए की लागत से सामुदायिक भवन का निर्माण किया जाएगा। इस सामुदायिक भवन का शिलान्यास रविवार को सभापति श्रीमती करुणा चाण्डक और कांग्रेस नेता अशोक चाण्डक ने किया।
इस दौरान आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि शहर के विकास के साथ-साथ सामाजिक सरोकार भी अहम है। जनता की जितनी सेवा होगी, उससे कहीं अधिक के प्रयास किए जाएंगे। वार्ड नंबर 13 में स्थित हनुमान मंदिर शक्तिनगर में सामुदायिक भवन के शिलान्यास कार्यक्रम में उन्होंने कहा की शहर में विकास कार्यों का क्रम जारी है। यह भवन समाज के प्रत्येक परिवार की आर्थिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए बनवाया जा रहा है ताकि उन्हें इस भवन का अधिक से अधिक लाभ प्राप्त हो।
सभापति ने बताया कि इस भवन का निर्माण नगर परिषद के माध्यम से करवाया जा रहा है और भवन के निर्माण पर 30 लाख रूपए की लागत निर्धारित की गई है। यदि निर्माण कार्य के लिए इससे अधिक राशि की आवश्यकता हुई तो निर्माण कार्य को प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा।