सिरोही (पाली)
सिरोही जिले के रोहिड़ा थाना के दानबोर से एक कांस्टेबल का युवक को बेरहमी से पीटने का मामला सामने आया है। घटना मंगलवार देर शाम की है। युवक से मारपीट का वीडियो वायरल होते ही सिरोही एसपी धर्मेंद्र सिंह ने कांस्टेबल को लाइन हाजिर कर दिया है। कांस्टेबल पर शराब बनाने वालों से हफ्ता वसूली का भी आरोप लगा है।
निचलाखेड़ा रोहिडा निवासी किशन लाल ने बताया कि वो दानबोर चौराहे पर शाम करीब 6 बजे टैक्सी लेकर खड़ा था। तभी वहां पर गोपाला बेड़ा पुलिस चौकी का कांस्टेबल राजेश चौधरी सादी वर्दी में आया जो नशे में लग रहा था। कांस्टेबल ने आते ही उसके साथ मारपीट शुरू कर दी और छोड़ने की एवज में रुपए मांगे। वहां मौजूद एक अन्य युवक ने पुलिसकर्मी से उसको छोड़ने की विनती भी की, लेकिन कांस्टेबल चौधरी उसे चौराहे से घसीट कर एक दुकान में ले गया वहां उसके साथ जमकर मारपीट की। वहां मौजूद कुछ लोगों ने उसे बीच-बचाव कर छुड़वाया। इसी दौरान एक युवक ने मारपीट का वीडियो बना लिया। घटना के बाद पीड़ित एसपी धर्मेंद्र यादव से मिला और आरोप लगाया कि कांस्टेबल कच्ची शराब बनाने वालों से हफ्ता वसूली करता है। मारपीट की घटना से उसके चेहरे व अंदरूनी चोंटे आई हैं। मामले में पिंडवाड़ा डिप्टी किशोर सिंह ने बताया कि एसपी धर्मेंद्र यादव के आदेश पर कांस्टेबल को लाइन भेज दिया गया है।