श्रीनगर
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षा बलों का आतंकवादियों के साथ एनकाउंटर जारी है। कुलगाम के चिमेर इलाके में सुरक्षाबलों के ऑपरेशन के दौरान आतंकवादियों से एनकाउंटर शुरू हुआ। अब तक 2 आतंकवादी मारे गए हैं। इनकी पहचान अभी नहीं हो पाई है।
जम्मू में ड्रोन अटैक के बाद ढेर किया था लश्कर का आतंकी
जम्मू में ड्रोन अटैक के बाद सुरक्षाबलों ने अपने ऑपरेशन तेज कर दिए हैं। शोपियां में शुक्रवार को सुरक्षाबलों ने शुक्रवार को लश्कर का एक आतंकी ढेर कर दिया था। ऑपरेशन के दौरान दूसरे आतंकी ने सरेंडर कर दिया। उसका नाम साहिल रमजान डार है। वह कश्मीर का ही रहने वाला है।
मेजर की अपील पर आतंकी ने हथियार डाले
शोपियां एनकाउंटर के दौरान सेना की 34 राष्ट्रीय राइफल्स की चौधरीगुंड COB के मेजर शुक्ला ने आतंकी को परिवार और दोस्तों का वास्ता देकर सरेंडर करवा लिया। एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वे आतंकी को सरेंडर के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
वीडियो में मेजर शुक्ला अपना परिचय देते हुए कहते हैं कि साहिल मेरी बात सुन। मैं तुम्हें आखिरी वार्निंग दे रहा हूं। रिक्वेस्ट कर रहा हूं। अपना हथियार डाल दो, हाथ ऊपर करो और बाहर आ जाओ। मैं इस बात की गारंटी देता हूं कि तुम्हें कुछ नहीं होगा। अगर तुम हथियार डालकर बाहर आते हो तो। अपने घरवालों को याद करो, अपने दोस्तों का याद करो, अपने मां-बाप को याद करो।

कुलगाम के चिमेर में सर्च अभियान के दौरान सुरक्षाबल।
जम्मू में लगातार 3 दिन ड्रोन नजर आए
- 26 जून: जम्मू एयरफोर्स स्टेशन पर 26 जून की रात ड्रोन अटैक किया गया था। इस हमले में विस्फोट से एयरफोर्स स्टेशन की छत को नुकसान पहुंचा था और दो जवान घायल हुए थे।
- 27 जून: रात में जम्मू के कालूचक मिलिट्री बेस पर ड्रोन नजर आया था। सुरक्षा बलों ने इस पर फायरिंग की, लेकिन ये अंधेर में गायब हो गया था।
- 28 जून: जम्मू के सुंजवान मिलिट्री स्टेशन के पास 28 जून की देर रात संदिग्ध ड्रोन नजर आया। कुछ मीडिया रिपोर्ट में कहा गया है कि कुंजवानी और कालूचक इलाके में भी ड्रोन दिखा था।
ड्रोन अटैक के पीछे पाकिस्तान
NSG (नेशनल सिक्योरिटी गार्ड) की स्पेशल बम स्क्वॉड टीम एयर फोर्स स्टेशन ब्लास्ट की जांच कर रही है। अभी तक की जांच में RDX और TNT विस्फोटक पदार्थ इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि ड्रोन को बॉर्डर के दूसरी तरफ पाकिस्तान से कंट्रोल किया जा रहा था। हालांकि, एजेंसी लोकल हैंडलर के शामिल होने की बात को फोकस में रखकर भी जांच कर रही है।